
टी-20 क्रिकेट: क्रिस गेल का बड़ा रिकॉर्ड टूटा, इस खिलाड़ी ने जड़ दिए 19 छक्के
क्या है खबर?
मेजर लीग क्रिकेट (MLC) 2025 के पहले मुकाबले में सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स के सलामी बल्लेबाज फिन एलन ने इतिहास रच दिया है। वाशिंगटन फ्रीडम के खिलाफ मुकाबले में इस खिलाड़ी ने शानदार शतकीय पारी (151) खेली। इस दौरान उनके बल्ले से 19 छक्के निकले। यह टी-20 क्रिकेट की एक पारी में लगाए गए सबसे ज्यादा छक्के हैं। एलन ने क्रिस गेल और साहिल चौहान का रिकॉर्ड तोड़ा है। दोनों ने एक पारी में 18-18 छक्के लगाए थे।
पारी
ऐसी रही एलन की पारी
एलन ने मात्र 51 गेंदों में 151 रनों की विस्फोटक पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 19 छक्के और 5 चौके लगाए। उनकी स्ट्राइक रेट 296.08 की रही, जो उनकी आक्रामकता को दर्शाता है। एलन ने केवल 34 गेंदों में शतक पूरा किया, जिससे मैदान पर दर्शकों का रोमांच चरम पर पहुंच गया। इस ताबड़तोड़ पारी की बदौलत टीम ने 269/5 का विशाल स्कोर खड़ा किया। एलन के अलावा हसन खान ने भी उपयोगी योगदान दिया और 38 रन बनाए।
रिकॉर्ड
एलन ने तोड़ा ये रिकॉर्ड
गेल ने साल 2017 में बांग्लादेश प्रीमियर लीग (BPL) के दौरान रंगपुर राइडर्स के लिए खेलते हुए 18 छक्के लगाए थे। उन्होंने 69 गेंदों का सामना किया था और उनके बल्ले से 146 रन निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 211.59 की थी। साल 2024 में साहिल ने गेल के इस रिकॉर्ड की बराबरी की थी। एस्तोनिया के लिए खेलते हुए इस बल्लेबाज ने साइप्रस क्रिकेट टीम के खिलाफ 18 छक्के लगा दिए थे। अब एलन ने ये रिकॉर्ड तोड़ा है।
ट्विटर पोस्ट
एलन की पारी का वीडियो
Finn Allen's out here breaking records 💯 He smashed the fastest century in MLC history for the @SFOUnicorns! 🔥 pic.twitter.com/SVyQ9n99Rf
— Cognizant Major League Cricket (@MLCricket) June 13, 2025
शतक
एलन ने जड़ा टी-20 करियर का चौथा शतक
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के बल्लेबाज एलन के टी-20 करियर का यह चौथा शतक है। क्रिकेट के सबसे छोटे प्रारूप में यह उनका अब तक का सर्वश्रेष्ठ स्कोर भी है। एलन अब तक 153 मुकाबलों की 151 पारियों में लगभग 29 की औसत से 4,233 रन बना चुके हैं, जिसमें 27 अर्धशतक शामिल है। MLC में यह उनके बल्ले से निकला दूसरा शतक है। इस टूर्नामेंट में उन्होंने अब तक 15 मुकाबलों में 35.46 की औसत से 532 रन बनाए हैं।
टी-20 अंतरराष्ट्रीय
न्यूजीलैंड के लिए एलन के आंकड़े
न्यूजीलैंड के लिए इस खिलाड़ी ने अपना पहला टी-20 मुकाबला 2021 में बांग्लादेश क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था। उन्होंने अब तक 52 मुकाबले खेले हैं और इसकी 52 पारियों में 25.19 की औसत और 163.27 की स्ट्राइक रेट से 1,285 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनके बल्ले से 2 शतक और 5 अर्धशतक निकले हैं। एलन का सर्वश्रेष्ठ स्कोर 137 रन रहा है। उन्होंने यह पारी पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ खेली थी।