सूर्यकुमार यादव ने टी-20 कप्तानी से हटाए जाने दिया बड़ा बयान, जानिए क्या कहा
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टी-20 कप्तानी से हटाए जाने के बाद पहली बार अपनी चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने पूर्व भारतीय क्रिकेटर आकाश चोपड़ा के साथ एक साक्षात्कार में कहा कि उन्हें अगले 2 साल और कप्तानी करने की उम्मीद थी। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने सूर्यकुमार को कप्तानी से हटाने के साथ-साथ इंग्लैंड दौरे से पहले उन्हें टीम से भी बाहर कर दिया था। उनकी जगह श्रेयस अय्यर को कप्तान बनाया गया है।
बयान
सूर्यकुमार ने क्या दिया बयान?
साल 2026 में अचानक हुए इस बदलाव पर सूर्यकुमार ने साक्षात्कार में हैरानी जताते हुए कहा, "ईमानदारी से कहूं तो जैसी स्थिति अभी आई है, मैंने कभी भी नहीं सोचा था कि ऐसा कुछ होगा। साल 2026 में आने के बाद मुझे लगा था कि मैं इस टीम को अगले 2 साल तक आगे ले जाऊंगा। आगे लॉस एंजिल्स (LA) ओलंपिक आने वाले हैं, फिर एक और टी-20 विश्व कप होना है, जो कि हमारे सामने एक बड़ी चुनौती थी।"
सम्मान
सूर्यकुमार ने चयनकर्ताओं के फैसले के प्रति दिखाया सम्मान
सूर्यकुमार ने चयनकर्ताओं के फैसले का सम्मान करते हुए कहा, "आप जो सोचते हैं और सामने वाला जो सोचता है, वे दोनों अलग बातें हैं। उनके विचारों का सम्मान करना जरूरी है। अगर उन्हें लगा कि आगे बढ़ने के लिए यह एक बेहतर फैसला है, तो उन्होंने यह फैसला लिया और मैंने इस पर कोई (नकारात्मक) प्रतिक्रिया नहीं दी।"
उन्होंने कहा, "अगर यह टीम किसी और की कप्तानी में अच्छा कर सकती है, तो मुझे कोई दिक्कत नहीं है।"
हैरानी
हैरान करने वाला था विश्व कप जीत के बाद कप्तानी से हटाए जाने का फैसला
सूर्यकुमार ने माना कि विश्व कप जीतने के तुरंत बाद कप्तानी से हटाना समझना थोड़ा मुश्किल था।
उन्होंने कहा, "मैं सोच रहा था कि यह कैसे हो सकता है? यह कैसे संभव है? हम अभी-अभी विश्व कप जीते ही थे। हां, इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) वैसा नहीं रहा जैसा मैं चाहता था। जब टीम घोषित हुई और मेरा नाम नहीं था, तो मैं सिर्फ मुस्कुराया, क्योंकि दबाव और खराब परिस्थितियों में मुस्कुराना और शांत रहना ही मेरी आदत रही है।"
ट्विटर पोस्ट
यहां देखें वीडियो
🚨 Suryakumar Yadav statement on dropped from the team after winning the T20 World Cup 26 🚨
— Vikas (@Vikas662005) August 29, 2026
"The one he chose, I played a lot of cricket with Shreyas, he is a good player, good human being & good captain also".
"So I don't think, why did you make this ? I was a little… pic.twitter.com/f7p1Kck3Dt
सूचना
चयनकर्ताओं ने पहले फोन पर दे दी थी जानकारी- सूर्यकुमार
सूर्यकुमार ने बताया कि टीम चयन से 2-3 दिन पहले ही चयनकर्ताओं ने उन्हें फोन पर इस बड़े बदलाव की जानकारी दे दी थी।
उन्होंने कहा, "टीम घोषित होने से 2-3 दिन पहले उनका फोन आया और उन्होंने कहा कि अब आगे बढ़ने का समय आ गया है। मैंने कोई गलत रिएक्शन नहीं दिया क्योंकि इसमें मेरी कोई गलती नहीं थी। मैं आज भी तैयार हूं, जब भी टीम को मेरी जरूरत होगी, मैं खेलने के लिए हमेशा उपलब्ध रहूंगा।"
प्रदर्शन
कैसा रहा सूर्यकुमार का बतौर कप्तान प्रदर्शन और खराब फॉर्म का दौर?
सूर्यकुमार की कप्तानी में भारतीय टीम ने कोई भी द्विपक्षीय टी-20 सीरीज नहीं गंवाई और एशिया कप का खिताब भी जीता।
इसी साल भारत ने उनकी कप्तानी में टी-20 विश्व कप 2026 जीतकर इतिहास रचा था।
हालांकि, पिछले एक साल में उनकी बल्लेबाजी काफी सामान्य रही थी।
साल 2025 में उन्होंने 21 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में महज 13.62 की औसत से केवल 218 रन बनाए थे। इसके चलते उन्हें कप्तानी से हटाकर टीम से भी बाहर कर दिया।