Loading...
क्या अगले साल एशेज सीरीज नहीं खेलेंगे स्टीव स्मिथ? दिया ये बड़ा बयान
स्टीव स्मिथ के टेस्ट क्रिकेट में आंकड़े कमाल के हैं (तस्वीर: एक्स/@ICC)

क्या अगले साल एशेज सीरीज नहीं खेलेंगे स्टीव स्मिथ? दिया ये बड़ा बयान

Sep 15, 2026
12:53 pm

क्या है खबर?

ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के दिग्गज स्टीव स्मिथ ने एशेज सीरीज 2027 को लेकर अभी कोई प्रतिबद्धता नहीं जताई है। 37 वर्षीय बल्लेबाज अपने टेस्ट भविष्य पर सीरीज दर सीरीज फैसला ले रहे हैं। उन्होंने यह तय नहीं किया है कि वह इंग्लैंड दौरे पर टीम का हिस्सा होंगे या नहीं। ऑस्ट्रेलिया के पास इस दौरे पर इंग्लैंड में एशेज सीरीज जीतने का सुनहरा मौका होगा। हालांकि, स्मिथ इस अभियान का हिस्सा होंगे या नहीं, इस पर स्थिति स्पष्ट नहीं है।

बयान

स्मिथ ने एशेज 2027 को लेकर कही ये बात 

स्मिथ ने कहा कि उन्हें खुद नहीं पता कि वह अगली एशेज सीरीज में खेलेंगे या नहीं।

उन्होंने द टेलीग्राफ से बातचीत में कहा, "मैं फिलहाल सीरीज दर सीरीज के हिसाब से आगे बढ़ रहा हूं और काफी समय से ऐसा ही करता आया हूं। अभी वह दौरा मेरे लिए काफी दूर है। मैं इंग्लैंड में एशेज सीरीज जीतना चाहूंगा, लेकिन अभी इंतजार करना होगा और देखना होगा कि आगे क्या होता है।"

सीरीज

ऑस्ट्रेलिया दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड और भारत में खेलने वाली है टेस्ट सीरीज 

ऑस्ट्रेलिया के सामने टेस्ट क्रिकेट में एक चुनौतीपूर्ण दौर आने वाला है।

टीम को दक्षिण अफ्रीका, भारत और इंग्लैंड के खिलाफ उनके घर में सीरीज खेलनी हैं। फिलहाल स्मिथ का ध्यान विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) की मौजूदा विजेता टीम के खिलाफ होने वाली सीरीज पर है।

3 टेस्ट की यह सीरीज उन्हें 2018 के गेंद से छेड़छाड़ विवाद के बाद पहली बार टेस्ट में उस देश में वापस ले जाएगी।

हालांकि, स्मिथ अब उस घटना को पीछे छोड़ना चाहते हैं।

ADVERTISEMENT

दक्षिण अफ्रीका

दक्षिण अफ्रीका में होने वाली सीरीज को लेकर स्मिथ ने कही ये बात 

स्मिथ ने आगे कहा, "मेरे लिए यह सिर्फ एक और सीरीज है। जो कुछ हुआ उसे काफी समय बीत चुका है। इसके बाद हमने काफी क्रिकेट खेला है और वनडे के लिए दक्षिण अफ्रीका का दौरा भी किया है। वे इस समय एक मजबूत टीम हैं और उन्होंने WTC के फाइनल में हमें हराया था। उनके पास बेहतरीन तेज गेंदबाजी आक्रमण भी है। इसलिए यह सीरीज काफी रोमांचक होने वाली है और मुकाबले शानदार रहने की उम्मीद है।"

ADVERTISEMENT

2028

टी-20 क्रिकेट में इस कारण मौके तलाश रहे हैं स्मिथ 

टेस्ट क्रिकेट में स्मिथ का भविष्य अभी तय नहीं है, लेकिन उनका खेल से पूरी तरह दूर होने का कोई इरादा नहीं है।

वह अभी टी-20 क्रिकेट में मौके तलाश रहे हैं। स्मिथ की नजर 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक में ऑस्ट्रेलिया का प्रतिनिधित्व करने पर भी है, जो उनकी बताई गई महत्वाकांक्षाओं में शामिल है।

उन्होंने कहा, "अभी शायद मेरा लक्ष्य ओलंपिक में जगह बनाने की कोशिश करना है। मैं उसका हिस्सा बनना चाहता हूं।"

संन्यास

स्मिथ का संन्यास लेने का कोई इरादा नहीं 

स्मिथ ने कहा कि उन्हें अब भी लगता है कि वह कुछ समय तक टी-20 क्रिकेट खेल सकते हैं।

उन्होंने कहा कि क्रिकेट के बाद उनके लिए आगे क्या होगा, यह उन्हें नहीं पता लेकिन उम्मीद है कि अभी कुछ और समय तक खेलते रहेंगे।

स्मिथ ने कहा कि क्रिकेट में काफी कुछ हासिल किया है और पिछले करीब 15 साल का सफर शानदार रहा है। इसलिए उन्होंने संन्यास की कोई तारीख तय नहीं की है।

ADVERTISEMENT