Page Loader
इंग्लैंड बनाम न्यूजीलैंड: जो रूट और केन विलियमसन में कौन है बेहतर? जानें आंकड़े

इंग्लैंड बनाम न्यूजीलैंड: जो रूट और केन विलियमसन में कौन है बेहतर? जानें आंकड़े

लेखन Neeraj Pandey
May 16, 2021
06:05 pm

क्या है खबर?

02 जून से लॉर्ड्स में इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज शुरु होने वाली है। 10 जून से दूसरा टेस्ट बर्मिंघम में खेला जाना है। दोनों ही टीमों को इस सीरीज में अपने-अपने कप्तानों से अच्छी बल्लेबाजी की उम्मीद रहेगी। जो रूट और केन विलियमसन वर्तमान समय के दिग्गज बल्लेबाजों से एक हैं। आइए दोनों खिलाड़ियों की टेस्ट में प्रदर्शन के आधार पर तुलनात्मक विवरण पर डालते हैं एक नजर।

जो रूट

ऐसा रहा है रूट का करियर और न्यूजीलैंड के खिलाफ प्रदर्शन

103 टेस्ट मैचों में रूट ने 49.24 की औसत के साथ 8,617 रन बनाए हैं। वह अब तक 254 के सर्वोच्च स्कोर के साथ 20 शतक और 49 अर्धशतक लगा चुके हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ उन्होंने 11 टेस्ट में 895 रन बनाए हैं। किवी टीम के खिलाफ उनका सर्वोच्च स्कोर 226 का है और औसत 44.75 का रहा है। न्यूजीलैंड के खिलाफ वह अब तक दो शतक और पांच अर्धशतक लगा चुके हैं।

केन विलियमसन

ऐसा रहा है विलियमसन का करियर और इंग्लैंड के खिलाफ प्रदर्शन

विलियमसन ने 83 टेस्ट में 54.31 की औसत के साथ 7,115 रन बनाए हैं। उन्होंने अब तक 24 शतक और 32 अर्धशतक लगाए हैं जिसमें 251 उनका सर्वोच्च स्कोर रहा है। इंग्लैंड के खिलाफ विलियमसन 11 टेस्ट में 743 रन बना चुके हैं। इस दौरान उनका सर्वोच्च स्कोर 132 और औसत 43.70 का रहा है। वह अब तक इंग्लिश टीम के खिलाफ तीन शतक और चार अर्धशतक लगा चुके हैं।

इंग्लैंड

इंग्लैंड में दोनों खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर एक नजर

अपने घर में खेले 53 टेस्ट में रूट ने 50.55 की औसत के साथ 4,384 रन बनाए हैं। उनके नाम अपने घर में 11 शतक और 24 अर्धशतक दर्ज हैं। उनके करियर का सर्वोच्च स्कोर 254 भी उनके घर में ही आया था। विलियमसन ने इंग्लैंड के खिलाफ चार अवे टेस्ट खेले हैं जिसमें उन्होंने 30.87 की औसत के साथ 247 रन बनाए हैं। इंग्लैंड में उन्होंने एक शतक और एक अर्धशतक लगाया है।

2021

इस साल ऐसा रहा है दोनों बल्लेबाजों का प्रदर्शन

रूट ने इस साल छह टेस्ट खेले हैं और इस साल सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने इस साल 66.16 की औसत के साथ 794 रन बनाए हैं। वह इस साल तीन शतक लगाए हैं जिसमें दो दोहरे शतक शामिल हैं। दूसरी ओर विलियमसन ने इस साल केवल एक ही टेस्ट खेला है। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ क्राइस्टचर्च में 238 रनों की शानदार पारी खेली थी।