गॉल टेस्ट: श्रीलंका के खिलाफ भारत ने टॉस जीतकर चुनी बल्लेबाजी, जानिए प्लेइंग इलेवन
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम और श्रीलंका क्रिकेट टीम पहले टेस्ट के लिए आमने-सामने हैं। गॉल अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। भारत ने श्रीलंका को उनके घर पर पिछले 5 टेस्ट में हराया है और शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम इस वर्चस्व को बरकरार रखने की कोशिश करेगी। यह भारत का 600वां टेस्ट मैच है। आइए मैच से जुड़ी अहम जानकारी पर एक नजर डालते हैं।
प्लेइंग इलेवन
ऐसी है दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन
श्रीलंका की प्लेइंग इलेवन: लाहिरू उदारा, निशान मदुष्का, दिनेश चांदीमल, कामिंदु मेंडिस, धनंजय डी सिल्वा (कप्तान), सोनल दिनुशा, निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), केशरा नुवांथा, प्रभात जयसूर्या, लाहिरू कुमारा, और असिथा फर्नांडो।
भारत की प्लेइंग इलेवन: यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, शुभमन गिल (कप्तान), देवदत्त पडिक्कल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रविंद्र जडेजा, ध्रुव जुरेल, कुलदीप यादव, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, और प्रसिद्ध कृष्णा।
हेड-टू-हेड
श्रीलंका के खिलाफ भारत का पलड़ा रहा है भारी
भारत और श्रीलंका के बीच 46 टेस्ट हुए हैं। इस दौरान भारतीय टीम को 22 मैच में जीत मिली है।
श्रीलंका केवल 7 मैच अपने नाम करने में सफल हो पाई है। 17 मैच ड्रॉ रहे हैं।
भारतीय टीम ने श्रीलंका में 24 टेस्ट खेले हैं, जिसमें से 9 में जीत दर्ज की है और 7 में शिकस्त झेली है। इस बीच 8 टेस्ट ड्रॉ रहे थे। भारत ने श्रीलंका को उनके घर पर पिछले 5 टेस्ट में हराया है।
स्टेडियम
भारत ने गॉल में जीते हैं 2 टेस्ट मैच
गॉल स्टेडियम में भारत ने कुल 5 टेस्ट मैच (बनाम श्रीलंका) खेले हैं, जिसमें 2 में जीत दर्ज की है और 3 में शिकस्त झेली है।
भारत ने आखिरी बार इस मैदान पर 2017 में टेस्ट मैच खेला था और उसे विराट कोहली की कप्तानी में 304 रन से जीता था।
इससे पहले 2008 में भारतीय टीम ने इस मैदान पर टेस्ट को 170 रन से जीता था। अनिल कुंबले उस मुकाबले में कप्तान थे।
भारत
600 टेस्ट खेलने वाला तीसरा देश बना भारत
भारत अब टेस्ट क्रिकेट में 600 मैच खेलने वाला तीसरा देश बना है।
इस मैच से पहले तक भारत ने 186 टेस्ट जीते हैं और 188 मैचों में हार झेली है। इनके अलावा 224 टेस्ट ड्रॉ रहे हैं और एक टेस्ट टाई रहा है।
भारत से पहले सिर्फ ऑस्ट्रेलिया (883) और इंग्लैंड (1,097) ही 600 से अधिक मैच खेले हैं।
वेस्टइंडीज (596) भी इस सूची में जगह बनाने के करीब है।