श्रीलंका बनाम भारत: देवदत्त पडिक्कल ने टेस्ट में लगाया अपना पहला शतक, जानिए उनके आंकड़े
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल ने श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ पहले टेस्ट की पहली पारी में शतक लगाया। गॉल के मैदान पर उन्होंने श्रीलंकाई गेंदबाजों के खिलाफ जमकर रन बटोरे। यह उनके टेस्ट करियर का पहला ही शतक साबित हुआ। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने केएल राहुल के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की। आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
पारी
शानदार रही पडिक्कल की पारी
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने जब 47 रन के स्कोर पर अपना पहला विकेट खोया, तब पडिक्कल क्रीज पर आए।
वार्म-अप मैच में शतक लगाने वाले पडिक्कल अपनी पहली पारी में शानदार लय में नजर आए।
टिककर खेलते हुए उन्होंने 81 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने राहुल के साथ मिलकर टीम का स्कोर 200 के करीब पहुंचाया।
पहले दिन के तीसरे सत्र में पडिक्कल ने अपनी पारी को शतक में तब्दील किया।
आंकड़े
नंबर-3 पर खेलते हुए शतक लगाकर हासिल किए ये मुकाम
नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए टेस्ट में शतक लगाने वाले आखिरी भारतीय शुभमन गिल थे, जिन्होंने सितंबर 2024 में चेन्नई में बांग्लादेश के खिलाफ शतकीय पारी खेली थी।
पडिक्कल 21वीं सदी में भारत के लिए नंबर-3 पर खेलते हुए टेस्ट शतक लगाने वाले दूसरे बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं।
उनसे पहले पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने 2002 में दिल्ली में जिम्बाब्वे के खिलाफ 136 रन बनाए थे।
मौका
पडिक्कल ने उठाया मौके का फायदा
खास बात यह है कि पडिक्कल को प्लेइंग इलेवन में मौका तब मिला जब टीम के तय नंबर-3 बल्लेबाज साई सुदर्शन पैर की चोट के कारण सीरीज से बाहर हो गए।
इसके अलावा उन्होंने इस मैच से ठीक पहले श्रीलंका क्रिकेट XI के खिलाफ 3 दिवसीय वॉर्म-अप मैच में नाबाद 142 रन बनाकर अपनी दावेदारी मजबूत की थी।
इस मैच से पहले उन्होंने अपना पिछला टेस्ट मैच ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2024 में खेला था।
आंकड़े
ऐसा है पडिक्कल का टेस्ट करियर
पडिक्कल ने 2024 में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ अपना टेस्ट डेब्यू किया था।
उन्होंने अब तक 3 टेस्ट की 4 पारियों में उन्होंने 150+ रन बनाए है। उन्होंने एक शतक के अलावा एक अर्धशतक भी लगाया है।
पडिक्कल ने अपने प्रथम श्रेणी करियर में अब तक 57 मैच खेले हैं, जिसकी 84 पारियों में लगभग 45 की औसत के साथ 3,900 से अधिक रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 10 शतक और 21 अर्धशतक लगाए हैं।