Page Loader
श्रीलंका बनाम ऑस्ट्रेलिया: उस्मान ख्वाजा ने अपने टेस्ट करियर का 16वां शतक जड़ा, जानिए उनके आंकड़े 
उस्मान ख्वाजा ने कमाल की पारी खेली (तस्वीर: एक्स/@ICC)

श्रीलंका बनाम ऑस्ट्रेलिया: उस्मान ख्वाजा ने अपने टेस्ट करियर का 16वां शतक जड़ा, जानिए उनके आंकड़े 

Jan 29, 2025
01:52 pm

क्या है खबर?

श्रीलंका क्रिकेट टीम और ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के बीच खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में कंगारू टीम के सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने शानदार शतकीय पारी खेली है। यह उनके टेस्ट करियर का 16वां और श्रीलंका के खिलाफ दूसरा शतक है। उन्होंने 000 गेंदों का सामना करते हुए अपना शतक पूरा किया। श्रीलंका के फिल्डरों ने उन्हें कई जीवनदान दिए, जिसका ख्वाजा ने भरपूर फायदा उठाया। ऐसे में आइए उनके आंकड़ों पर एक नजर डाल लेते हैं।

पारी

ऐसी रही ख्वाजा की पारी और साझेदारी 

ख्वाजा सलामी बल्लेबाज के तौर पर आए। उन्होंने पहले विकेट के लिए ट्रेविस हेड के साथ 92 रन की साझेदारी निभाई। हेड 40 गेंदों में 57 रन बनाकर आउट हुए। मार्नस लाबुशेन के जल्दी आउट होने के बाद ख्वाजा ने स्टीव स्मिथ के साथ मिलकर पारी संभाली। स्पिन गेंदबाजों को मदद कर रही पिच पर ख्वाजा ने तेजी से रन बनाए। इस पारी से पहले वह अच्छे फॉर्म में नहीं थे। उन्होंने जून 2023 के बाद पहला शतक लगाया है।

श्रीलंका

श्रीलंका के खिलाफ कैसे हैं ख्वाजा के आंकड़े 

श्रीलंका के खिलाफ ख्वाजा ने पहला टेस्ट 2011 में खेला था। उन्होंने 9 मैच की 15 पारियों में 40 से ज्यादा की औसत से 450 से अधिक रन बनाए हैं। 2 शतक के अलावा 1 अर्धशतक भी लगाया है। अपने टेस्ट करियर में ख्वाजा ने सबसे ज्यादा रन इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ बनाए हैं। उन्होंने 19 मैच की 35 पारियों में 40.52 की औसत से 1,378 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 4 शतक और 5 अर्धशतक निकले हैं।

बल्ला

पिछले साल नहीं चला था ख्वाजा का बल्ला 

साल 2024 में ख्वाजा का बल्ला नहीं चला था। उन्होंने 9 टेस्ट खेले थे और इसकी 18 पारियों में 2 बार नाबाद रहते हुए सिर्फ 25.95 की औसत से 415 रन बनाए थे। वह पूरे साल 1 भी शतक नहीं लगा पाए थे। उनके बल्ले से 2 अर्धशतक निकले थे और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 75 रन था। कई पूर्व दिग्गज खिलाड़ी उन्हें संन्यास लेने की सलाह तक दे रहे थे। 38 साल के इस खिलाड़ी ने जोरदार वापसी की है।

करियर

ख्वाजा के टेस्ट करियर पर एक नजर 

ख्वाजा ने अपना पहला टेस्ट मैच साल 2011 में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था। उन्होंने अब तक 79 टेस्ट मैच कंगारू टीम के लिए खेले हैं। इसकी 142 पारियों में लगभग 45 की औसत से 5,700 से ज्यादा रन बनाने में सफल रहे हैं। उनके बल्ले से 16 शतक के अलावा 27 अर्धशतक भी निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 195 रन रहा है। ख्वाजा अपने टेस्ट करियर में 14 बार नाबाद भी रहे हैं।