Page Loader
एशिया कप में श्रीलंका क्रिकेट टीम का कैसा रहा है प्रदर्शन? जानिए रोचक आंकड़े 
श्रीलंका क्रिकेट टीम ने 6 बार एशिया कप का खिताब जीता है (तस्वीर: ट्विटर/@ICC)

एशिया कप में श्रीलंका क्रिकेट टीम का कैसा रहा है प्रदर्शन? जानिए रोचक आंकड़े 

Aug 06, 2023
12:45 pm

क्या है खबर?

एशिया कप 2023 की शुरुआत 30 अगस्त से होने जा रही है। श्रीलंका क्रिकेट टीम इस बार अपने 7वें एशिया कप खिताब की दावेदारी के साथ मैदान में उतरेगी। इस साल टूर्नामेंट का आयोजन हाइब्रिड मॉडल के तहत किया जाएगा, जिसमें 4 मैच पाकिस्तान में और 9 मैच श्रीलंका में खेले जाएंगे। टूर्नामेंट में कुल 6 टीमें हिस्सा लेंगी। आइए एशिया कप में श्रीलंका के प्रदर्शन पर एक नजर डालते हैं।

रिपोर्ट

श्रीलंका ने जीते 6 एशिया कप खिताब 

श्रीलंका ने एशिया कप के पिछले 15 संस्करणों में से 6 में खिताबी जीत हासिल की है। उन्होंने 1986, 1997, 2004, 2008, 2014 और 2022 में जीत का स्वाद चखा था। श्रीलंका से अधिक एशिया कप खिताब केवल भारतीय क्रिकेट टीम (7) ने जीते हैं। पिछले साल यह टूर्नामेंट टी-20 प्रारूप में खेला गया था, जिसे श्रीलंका टीम ने जीता था। इस साल टूर्नामेंट का आयोजन वनडे क्रिकेट प्रारूप में होगा।

रिपोर्ट

एशिया कप में सर्वाधिक जीत (वनडे) 

श्रीलंकाई टीम ने एशिया कप के वनडे संस्करणों में सबसे अधिक मैचों में जीत दर्ज की है। टीम ने 50 मैचों में से 34 जीते हैं। भारत (31) और पाकिस्तान क्रिकेट टीम (26) इस मामले में उनसे पीछे हैं। किसी भी अन्य टीम ने एशिया कप में 10 से अधिक मैच नहीं जीते हैं। घरेलू मैदान पर श्रीलंका का रिकॉर्ड और भी शानदार है। इस टूर्नामेंट के घर में खेले गए 17 मैचों में से 14 उसने जीते हैं।

रिपोर्ट

एशिया कप में श्रीलंका के शीर्ष प्रदर्शनकर्ता (वनडे) 

पूर्व श्रीलंकाई कप्तान सनथ जयसूर्या (1,220) एशिया कप में सर्वकालिक सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। उनके पूर्व साथी खिलाड़ी कुमार संगाकारा (1,075) इस टूर्नामेंट में 1,000 से अधिक रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज हैं। गेंदबाजी में श्रीलंका के ही पूर्व खिलाड़ी मुथैया मुरलीधरन (30) और लसिथ मलिंगा (29) सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। श्रीलंका के पूर्व गेंदबाज अजंता मेंडिस टूर्नामेंट के इतिहास में अकेले 6 विकेट (6/13 बनाम भारत, 2008) लेने वाले खिलाड़ी हैं।

रिपोर्ट

एशिया कप के टी-20 संस्करणों में श्रीलंका का रिकॉर्ड 

एशिया कप के अब तक 2 संस्करण (2016 और 2022) टी-20 प्रारूप में खेले जा चुके हैं। साल 2016 में श्रीलंका फाइनल के लिए क्वालीफाई नहीं कर सका था, लेकिन पिछले साल उसने खिताबी जीत हासिल करने में सफलता पाई थी। श्रीलंका टीम ने एशिया कप के 10 टी-20 मैचों में से 6 में जीत हासिल की हैं। इस मामले में केवल भारतीय टीम (8) ही श्रीलंका से आगे है।

रिपोर्ट

टी-20 एशिया कप में श्रीलंका के शीर्ष प्रदर्शनकर्ता 

भानुका राजपक्षे ने पिछले साल श्रीलंका की खिताबी जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। तब राजपक्षे ने 149.21 की स्ट्राइक रेट से 191 रन बनाए थे। पथुम निसांका ने टूर्नामेंट में 34.60 की औसत से 173 रन बनाए थे। वनिंदु हसरंगा ने पिछले साल 6 मैचों में 7.39 की इकोनॉमी रेट के साथ 9 विकेट लिए थे। चमिका करुणारत्ने ने पिछले साल 66 रन बनाने के अलावा 7 विकेट भी लिए थे।