Page Loader
एशिया कप: श्रीलंका ने बांग्लादेश को हराकर सुपर-4 में बनाई जगह, बने ये रिकॉर्ड्स
श्रीलंका ने जीता रोचक मुकाबला (तस्वीर: ट्विटर/@ICC)

एशिया कप: श्रीलंका ने बांग्लादेश को हराकर सुपर-4 में बनाई जगह, बने ये रिकॉर्ड्स

Sep 01, 2022
11:26 pm

क्या है खबर?

एशिया कप 2022 के पांचवे मैच में श्रीलंका ने बांग्लादेश को दो विकेट से हराकर सुपर-4 में जगह बना ली है। दुबई में खेले गए इस मैच में बांग्लादेश ने पहले खेलते हुए अफिफ हुसैन (39) और मेहदी हसन मिराज (38) की पारियों की मदद से 183/7 का स्कोर बनाया। जवाब में श्रीलंका ने कुसल मेंडिस (60) की पारी की मदद से 19.2 ओवर में लक्ष्य हासिल किया। मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।

लेखा-जोखा

ऐसा रहा रोचक मुकाबला

बांग्लादेश ने हसन मिराज की 26 गेंदों में 38 रनों की पारी की मदद से तेज शुरुआत दिलाई। वहीं मध्यक्रम में अफीफ ने 22 गेंदों में 39 रनों की पारी खेलकर रन गति को बढ़ाया। अंतिम ओवरों में मोसादेक हुसैन ने नौ गेंदों में नाबाद 24 रन बनाकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में कुसल मेंडिस (60) और दसुन शनाका (45) की पारियों की मदद से श्रीलंका ने आखिरी ओवर में लक्ष्य हासिल किया।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

Cricbuzz के अनुसार पहले छह ओवरों में बांग्लादेश का 55/1 का स्कोर एशिया कप 2022 में पावरप्ले में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम द्वारा अब तक का सर्वोच्च स्कोर है। इससे पहले पिछला सर्वश्रेष्ठ स्कोर भारत ने हांगकांग (44/1) के खिलाफ बनाया था।

मेंडिस

कुसल मेंडिस ने लगाया सातवां अर्धशतक

लक्ष्य का पीछा करते हुए कुसल मेंडिस ने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का सातवां अर्धशतक सिर्फ 32 गेंदों में ही पूरा कर लिया। मेंडिस ने 37 गेंद में 60 रनों की पारी खेली। उन्होंने अपनी अर्धशतकीय पारी में चार चौके और तीन छक्के लगाए। वह मुस्ताफिजुर रहमान की गेंद पर कैच आउट हो गए। उनके अब टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में 20.64 की औसत से 743 रन हो गए हैं।

शाकिब

शाकिब ने हासिल की ये उपलब्धि

शाकिब ने 22 गेंदों में तीन चौकों की मदद से 24 रन बनाए। वह अपनी शुरुआत को बड़े स्कोर में तब्दील नहीं कर सके। इस बीच उन्होंने अपने टी-20 करियर में 6,000 रन पूरे कर लिए हैं। Cricinfo के अनुसार वह अब टी-20 में 6,000 से अधिक रन (6,009) और 400 से अधिक विकेट (419) बनाने वाले दूसरे क्रिकेटर बने हैं। उनसे पहले वेस्टइंडीज के दिग्गज ड्वेन ब्रावो (6,871 रन और 605 विकेट) ने यह उपलब्धि हासिल की थी।

आंकड़े

परेरा से आगे निकले शनाका

शनाका ने उम्दा बल्लेबाजी की लेकिन अपने अर्धशतक से चूक गए। उन्होंने 33 गेंदों में तीन चौकों और दो छक्कों की मदद से 45 रन बनाए। वह एबादत हुसैन की गेंद पर आउट हो गए। शनाका के अब 20.78 की औसत से 1,060 रन हो गए हैं। उन्होंने रनों के मामले में थिसारा परेरा (1,047) को पीछे छोड़ दिया है। वह टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सातवें सर्वाधिक रन वाले बल्लेबाज बन गए हैं।