Page Loader
श्रीलंका ने अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए घोषित की टीम, शनाका को जगह नहीं
अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए श्रीलंका टीम घोषित (तस्वीर: एक्स/@OfficialSLC)

श्रीलंका ने अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए घोषित की टीम, शनाका को जगह नहीं

Feb 08, 2024
04:37 pm

क्या है खबर?

श्रीलंका क्रिकेट ने अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ शुक्रवार से शुरू होने वाली 3 वनडे मैचों की सीरीज के लिए श्रीलंका क्रिकेट टीम की घोषणा कर दी है। टीम की कमान कुसल मेंडिस को सौंपी गई है। पूर्व कप्तान दासुन शनाका को उनकी खराब फॉर्म के कारण टीम से बाहर कर दिया गया है। इसी तरह नुवानिदु फर्नांडो और जेफरी वांडरसे भी जगह बनाने से चूक गए, जबकि चमिका करुणारत्ने और शेवोन डेनियल को टीम में जगह मिली है।

जानकारी

अफगानिस्तान सीरीज के लिए श्रीलंका की वनडे टीम

श्रीलंका वनडे टीम इस प्रकार है: कुसल मेंडिस (कप्तान), चरिथ असलंका, पथुम निसांका, अविष्का फर्नांडो, सदीरा समरविक्रमा, सहान अराचिगे, शेवोन डेनियल, जेनिथ लियानाजे, चमिका करुणारत्ने, महीश तीक्षणा, दिलशान मदुशंका, दुष्मंथा चमीरा, दुनिथ वेल्ललागे, प्रमोद मदुशन, अकिला धनंजय और वनिंदु हसरंगा।

कार्रवाई

जिम्बाब्वे के खिलाफ सीरीज के बाद छिनी थी शनाका की कप्तानी

जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के खिलाफ सफेद गेंद सीरीज से पहले दिसंबर 2023 में शनाका से श्रीलंका की कप्तानी छीन ली गई थी। उसके बाद उनकी जगह मेंडिस को वनडे टीम की कमान सौंपी गई थी, जबकि हसरंगा को टी-20 टीम का कप्तान बनाया गया था। श्रीलंका ने शनाका के नेतृत्व में 23 वनडे और 22 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच जीते थे। इसमें साल 2022 में UAE में खेला गया टी-20 एशिया कप खिताब भी शामिल था।

फॉर्म

खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं शनाका

शनाका पिछले कुछ समय से खराब फॉर्म से जूझ रहे थे और अपनी बल्लेबाजी को लेकर सवालों के घेरे में थे। वह पिछली 21 वनडे पारियों में केवल एक बार 50 से अधिक का स्कोर बनाने में सफल रहे हैं। दाएं हाथ के बल्लेबाज की औसत महज 12.25 रही, जबकि उनकी स्ट्राइक रेट घटकर 75.85 पर आ गई। उन्होंने हाल ही में जिम्बाब्वे के खिलाफ वनडे सीरीज में क्रमशः 8 और 7 के स्कोर किए थे।

अन्य

अन्य खिलाड़ियों की स्थिति

मेंडिस जहां अफगानिस्तान के खिलाफ श्रीलंका टीम का नेतृत्व करेंगे, वहीं शनाका की अनुपस्थिति में ऑलराउंडर करुणारत्ने पर जिम्मेदारी होगी। करुणारत्ने ने आखिरी बार वनडे विश्व कप 2023 में श्रीलंका का प्रतिनिधित्व किया था। वह इस प्रारूप में अपने ऑलराउंडर प्रदर्शन से प्रभावशाली रहे हैं। इस श्रृंखला में युवा बल्लेबाज शेवोन डेनियल का भी परीक्षण किया जा सकता है। इस बीच पथुम निसांका, अविष्का फर्नांडो, सदीरा समरविक्रमा और चरिथ असलंका भी टीम को मजबूती देंगे।