श्रीलंका-A बनाम इंडिया-A: साई सुदर्शन ने लगातार दूसरे मैच में लगाया शतक, जानिए उनके आंकड़े
क्या है खबर?
श्रीलंका-A के खिलाफ खेले जा रहे दूसरे अनौपचारिक टेस्ट में इंडिया-A के साई सुदर्शन ने शतक लगाया। यह श्रीलंका-A के विरुद्ध उनका लगातार दूसरा शतक साबित हुआ। उन्होंने पहले टेस्ट की पहली पारी में 132 रन बनाए थे। इसके साथ-साथ यह सुदर्शन के प्रथम श्रेणी करियर का 10वां शतक साबित हुआ। उन्होंने इस बीच देवदत्त पडिक्कल के साथ मिलकर शतकीय साझेदारी भी निभाई। आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
पारी
शानदार रही सुदर्शन की पारी
गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में सुदर्शन ने पहले विकेट के लिए अमन मोखाडे के साथ मिलकर 66 रन जोड़े। अमन 48 गेंदों में 38 रन बनाकर पहले विकेट के रूप में आउट हुए। इसके बाद सुदर्शन ने पडिक्कल के साथ मिलकर टीम का स्कोर 200 रन के पार पहुंचाया। दूसरे दिन के तीसरे सत्र के दौरान टिककर बल्लेबाजी करते हुए सुदर्शन ने अपनी पारी को शतक में तब्दील किया।
करियर
शानदार चल रहा है सुदर्शन का प्रथम श्रेणी करियर
क्रिकइंफो के अनुसार, सुदर्शन का यह शतक प्रथम श्रेणी क्रिकेट में उनका 10वां शतक था और जो उनके 42वें मैच में आया है। उनके नाम 10 ही अर्धशतक भी हैं। तमिलनाडु के इस बल्लेबाज ने अब 71 पारियों में लगभग 40 की औसत से 2,900 से ज्यादा रन बना लिए हैं। इस प्रारूप में उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 213 रन है। वह अब तक 300 से अधिक चौके लगा चुके हैं।
टेस्ट
भारत की ओर से 7 टेस्ट खेल चुके हैं सुदर्शन
सुदर्शन ने अब तक 7 टेस्ट की 12 पारियों में 31.91 की औसत के साथ 383 रन बनाए। उन्होंने अब तक 3 अर्धशतक लगाए। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 87 रन का रहा है। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने पिछले साल इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ खेली गई एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी में अपना टेस्ट डेब्यू किया था। वह अपनी पहली पारी में प्रभावित नहीं कर सके थे। उन्होंने उस सीरीज में 6 पारियों में सिर्फ 140 रन बनाए थे।