Page Loader
SRH बनाम LSG: आयुष बदोनी ने जड़ा IPL करियर का चौथा अर्धशतक, जानिए आंकड़े
आयुष बदोनी ने खेली अर्धशतकीय पारी (तस्वीर: एक्स/@IPL)

SRH बनाम LSG: आयुष बदोनी ने जड़ा IPL करियर का चौथा अर्धशतक, जानिए आंकड़े

May 08, 2024
09:51 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 का 57वां मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के बीच खेला गया। इसमें LSG के युवा बल्लेबाज आयुष बदोनी ने विषम परिस्थितियों में बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक (55*) जड़ा। यह उनके IPL करियर का चौथा और इस संस्करण का दूसरा अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने मात्र 28 गेंदों में पूरा किया। उनकी पारी से LSG मैच में 165/4 का स्कोर बनाने में सफल रही। आइए उनकी पारी और आंकड़े जानते हैं।

बल्लेबाजी

कैसी रही बदोनी की पारी और साझेदारी?

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए LSG की शुरुआत अच्छी नहीं और 66 रन तक प्रमुख 4 बल्लेबाज पवेलियन लौट गए। उसके बाद बल्लेबाजी पर आए बदोनी ने कुछ समय क्रीज पर बिताया और फिर हाथ खोल दिए। ऐसे में उन्होंने 28 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने निकोलस पूरन (48) के साथ 52 गेंदों में 99 रन की नाबाद साझेदारी निभाई। बदोनी 30 गेदों में 9 चौके की मदद से 55 रन बनाकर नाबाद रहे।

करियर

कैसा रहा है बदोनी का IPL करियर?

बदोनी ने साल 2022 में गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ अपने IPL करियर का आगाज किया था। उसके बाद से वह अब तक 40 मैच खेल चुके हैं, जिसकी 33 पारियों में 24.24 की औसत और 133.48 की स्ट्राइक रेट से 606 रन बना चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 4 अर्धशतक जड़े हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 59 रन का रहा है। इसी तरह वह इस लीग में 4 पारियों में गेंदबाजी करते हुए 2 विकेट भी चटका चुके हैं।