दक्षिण अफ्रीका ने भारतीय महिला टीम को 23 रन से हराया, 4-1 से जीती सीरीज
क्या है खबर?
दक्षिण अफ्रीका महिला क्रिकेट टीम ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम को आखिरी टी-20 मुकाबले में 23 रन से हरा दिया। इसी के साथ हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली टीम 5 मैचों की सीरीज 1-4 से हार गई। सीरीज के पहले 3 मुकाबले दक्षिण अफ्रीका जीती थी। इसके बाद चौथा मैच भारतीय महिला टीम ने 14 रन से अपने नाम किया था। ऐसे में आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डाल लेते हैं।
लेखा-जोखा
मैच का लेखा जोखा
मैच में दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। लौरा वोल्वार्ड्ट ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 92 रन बनाए। उनके अलावा दक्षिण अफ्रीका का कोई और बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया और टीम 155/6 का स्कोर बना पाई। जवाब में भारतीय टीम के लिए भारती फूलमाली (40) को छोड़कर और कोई भी खिलाड़ी बड़ी पारी नहीं खेल पाया। पूरे ओवर खेलने के बाद भारतीय टीम 132/8 रन का स्कोर ही बना पाई।
पारी
ऐसी रही वोल्वार्ड्ट की पारी
वोल्वार्ड्ट ने 56 गेंदों का सामना किया और 92 रन बनाए। उनके बल्ले से 11 चौके और 2 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 164.29 की रही। पहले विकेट के लिए उन्होंने सुने लुस के साथ मिलकर 75 रन की साझेदारी निभाई। वोल्वार्ड्ट इस सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज रहीं। उन्होंने 5 मैचों की 5 पारियों में 82.50 की औसत और 168.37 की स्ट्राइक रेट से 330 रन बनाए। उनके बल्ले से 44 चौके और 8 छक्के निकले।
विकेट
दीप्ति शर्मा ने सीरीज में सबसे ज्यादा विकेट लिए
दीप्ति शर्मा ने मैच में 4 ओवर में 37 रन देकर 2 विकेट लिए। वह इस सीरीज में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज रहीं। उन्होंने 5 मैच में 21.29 की औसत से 7 विकेट चटकाए। उन्होंने इस सीरीज में एक बार 5 विकेट हॉल भी लिया। उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 5/19 का रहा। इस शानदार प्रदर्शन के बावजूद वह अपनी टीम को इस सीरीज में जीत नहीं दिला पाई। श्रेयंका पाटिल ने सीरीज में 5 विकेट लिए।
भारत
भारत के खिलाफ कमाल के हैं वोल्वार्ड्ट के आंकडे़
भारत के खिलाफ वोल्वार्ड्ट ने अपना पहला मुकाबला 2019 में खेला था। अब तक इस खिलाड़ी ने 18 मुकाबले खेले हैं। इसकी 17 पारियों में 4 बार नाबाद रहते हुए 520 रन बनाने में सफल रहीं हैं। उनकी स्ट्राइक रेट 142.07 की रही है। उन्होंने 40 की औसत से इस टीम के खिलाफ बल्लेबाजी की है। उनके बल्ले से एक शतक और 4 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 115 रन रहा है।