दक्षिण अफ्रीका बनाम ऑस्ट्रेलिया: मिचेल स्टार्क ने लिया 20वां 5 विकेट हॉल, ये बनाए रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज के तीसरे टेस्ट में शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट हॉल अपने नाम किया। एक समय दक्षिण अफ्रीका बड़े स्कोर की ओर बढ़ती दिख रही थी, लेकिन स्टार्क की घातक गेंदबाजी के सामने पूरी टीम 329 रन बना पाई। यह स्टार्क के टेस्ट करियर का 20वां, 5 विकेट हॉल रहा। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उन्होंने तीसरी बार ये कारनामा किया। उनके आंकड़ों पर नजर डालते हैं।
गेंदबाजी
ऐसी रही स्टार्क की गेंदबाजी
स्टार्क ने 16.3 ओवर में 2 मेडन रखते हुए 72 रन देकर 6 विकेट हासिल किए। उनकी इकॉनमी रेट 4.40 रही।
उन्होंने डेविड बेडिंगहाम (50), रेयान रिकेल्टन (42), वियान मूल्डर (0), मार्को यानसन (52), गेराल्ड कोएत्जी (0) और कगिसो रबाडा (0) को अपना शिकार बनाया।
पहले 2 टेस्ट में स्टार्क कुछ खास नहीं कर पाए थे। उन्होंने सिर्फ 6 विकेट लिए थे। स्टार्क ने करो या मरो मुकाबले में फॉर्म में वापसी की है।
विकेट
मौजूदा तेज गेंदबाजों में सबसे ज्यादा 5 विकेट हॉल
टेस्ट क्रिकेट में मौजूदा तेज गेंदबाजों के बीच सबसे ज्यादा 5 विकेट हॉल लेने के मामले में स्टार्क शीर्ष पर पहुंच गए हैं। उन्होंने 20 बार यह कारनामा किया है।
कगिसो रबाडा 136 पारियों में 17 पांच विकेट हॉल के साथ दूसरे स्थान पर हैं।
भारत के जसप्रीत बुमराह 99 पारियों में 16 बार यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं, जबकि ऑस्ट्रेलिया के हेजलवुड 151 पारियों में 15 बार 5 विकेट हॉल के साथ चौथे स्थान पर हैं।
दक्षिण अफ्रीका
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ऐसे हैं स्टार्क के आंकड़े
स्टार्क ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपना पहला टेस्ट मुकाबला 2012 में खेला था।
वह अब तक इस टीम के विरुद्ध 13 टेस्ट मैचों की 23 पारियों में 26.71 की औसत से 59 विकेट ले चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 3 बार 5 विकेट हॉल अपने नाम किया है।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 72 रन देकर 6 विकेट लेना रहा है। स्टार्क ने अपने टेस्ट करियर में सबसे ज्यादा 128 विकेट इंग्लैंड के खिलाफ लिए हैं।
करियर
स्टार्क के टेस्ट करियर पर एक नजर
स्टार्क ने अपना पहला टेस्ट मैच साल 2011 में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था।
उन्होंने अब तक कुल 110 टेस्ट मैच खेले हैं और इसकी 210 पारियों में लगभग 26 की शानदार औसत से 457 विकेट चटकाए हैं। इस बीच उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 7/58 का रहा है।
टेस्ट क्रिकेट में उनसे ज्यादा विकेट वाले ऑस्ट्रेलियाई सिर्फ शेन वॉर्न (708), नाथन लियोन (575*) और ग्लेन मैक्ग्रा (563) हैं।