दक्षिण अफ्रीका ने नामीबिया को तीसरे वनडे में हराया, 3-0 से सीरीज की अपने नाम
क्या है खबर?
दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम ने तीसरे वनडे में नामीबिया क्रिकेट टीम को 9 विकेट से हराते हुए सीरीज को क्लीन स्वीप किया। विंडहोक में खेले गए मैच में नामीबिया की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 156 रन पर सिमट गई। जवाब में प्रोटियाज टीम ने जॉर्डन हरमन (77) और कॉनर एस्टरहुइजन (68*) की पारियों की मदद से लक्ष्य हासिल किया। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
आसानी से जीती दक्षिण अफ्रीकी टीम
नामीबिया ने 19 रन तक माइकल वैन लिंगेन (2) और जान फ्राइलिन्क (2) के विकेट गंवा दिए।
खराब शुरुआत के बाद भी नामीबिया के बल्लेबाजों ने निरंतर विकेट गंवाए।
इस बीच विकेटकीपर जेन ग्रीन ने सर्वाधिक 33 रन बनाए। दक्षिण अफ्रीका से कप्तान ब्योर्न फोर्टुइन ने 4 विकेट लिए।
जवाब में छोटे से लक्ष्य का पीछा करते हुए हरमन और एस्टरहुइजन ने 150 रन की साझेदारी करते हुए जीत सुनिश्चित की।
ब्योर्न फोर्टुइन
ब्योर्न फोर्टुइन ने गेंदबाजी में किया अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन
फोर्टुइन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए अपने 10 ओवर के कोटे में 33 रन देकर 4 विकेट लिए।
क्रिकइंफो के अनुसार, उन्होंने वनडे में पहली बार 4 विकेट लिए।
इसके साथ ही 18 मैचों में उनके कुल विकेटों की संख्या 22 हो गई है और उनकी इकॉनमी 4.84 रही है।
कुल मिलाकर, लिस्ट A क्रिकेट में इस बाएं हाथ के स्पिनर ने 122 मैचों में 145 विकेट लिए हैं और उनकी इकॉनमी लगभग 4.6 रही है।
सूची
इस सूची में शामिल हुए फोर्टुइन
फोर्टुइन कप्तान के तौर पर वनडे मैच में 4 विकेट लेने वाले दक्षिण अफ्रीका के दूसरे स्पिनर बन गए हैं।
उनसे पहले ऑफ स्पिनर जोहान बोथा ने 2008 में केन्या के खिलाफ मैच में 19 रन देते हुए 4 विकेट लिए थे।
शॉन पोलक (6 बार) और हैंसी क्रोन्ये (एक बार) ऐसे दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ी हैं जिन्होंने टीम की कप्तानी करते हुए वनडे मैच में 4 या उससे ज्यादा विकेट लिए हैं।
अर्धशतक
जॉर्डन हरमन और कॉनर एस्टरहुइजन ने लगाए अर्धशतक
पारी की शुरुआत करने आए हरमन ने अपने वनडे करियर का पहला अर्धशतक लगाया।
वह 59 गेंदों में 77 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में उन्होंने 13 चौके लगाए। उन्होंने इस सीरीज में 3 पारियों में 82.33 की औसत के साथ 247 रन बनाए।
एस्टरहुइजन ने भी अपने वनडे करियर का पहला अर्धशतक लगाया। वह 68 गेंदों में 4 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 68 रन बनाकर नाबाद रहे।