Page Loader
IPL में 'यूनिवर्स बॉस' क्रिस गेल के नाम हैं ये बड़े रिकार्ड्स

IPL में 'यूनिवर्स बॉस' क्रिस गेल के नाम हैं ये बड़े रिकार्ड्स

Sep 21, 2020
05:17 pm

क्या है खबर?

क्रिकेट में 'यूनिवर्स बॉस' के नाम से मशहूर क्रिस गेल किसी भी परिचय के मोहताज नहीं है। उन्होंने क्रिकेट मैदान पर दर्शकों का खासा मनोरंजन किया है। जमैका का यह खब्बू बल्लेबाज सालों से गेंदबाजों के लिए बुरे सपने की तरह है, विशेषकर क्रिकेट के सबसे छोटे प्रारूप टी-20 में। उन्होंने दुनियाभर में टी-20 लीग्स के साथ इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में भी अपने धमाकेदार अंदाज को बरकरार रखा है। आइए IPL में उनके बड़े रिकार्ड्स पर नजर डालते हैं।

करियर

ऐसा रहा है कि क्रिस गेल का IPL करियर

गेल IPL में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले छठे और विदेशी खिलाड़ियों में दूसरे पायदान पर काबिज हैं। एक दशक से अधिक लंबे करियर में इस धाकड़ बल्लेबाज ने 125 मैचों में 41.13 के अविश्वसनीय औसत से कुल 4,484 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट भी 151.02 का रहा है, जो टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले शीर्ष छह बल्लेबाजों में सबसे अधिक है। उन्होंने ये रन बनाने में सबसे कम 2,969 गेंदों का सामना किया है।

शतक

गेल ने IPL में बनाए हैं सबसे ज्यादा शतक

वर्तमान में किंग्स इलेवन पंजाब (KXIP) की टीम में शामिल गेल ने दुनिया की सबसे धनी लीग IPL में सबसे अधिक छह शतक जड़े हैं। दिलचस्प बात यह है कि इन छह शतकों में पांच उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओर से खेलते हुए जड़े हैं, जबकि एक शतक KXIP के लिए बनाया है। गेल के बाद IPL में सबसे अधिक शतक जड़ने वालों में विराट कोहली (5), डेविड वार्नर (4), शेन वॉटसन (4) और एबी डिविलियर्स (3) शामिल हैं।

चौके-छक्के

गेल के नाम दर्ज है IPL में सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड

IPL में छक्के जड़ने के मामले में कोई भी खिलाड़ी गेल से आगे नहीं है। उनके नाम IPL में सबसे अधिक 326 छक्के जड़ने का रिकॉर्ड है। इस मामले में दूसरे पायदान पर एबी डिविलियर्स (212) है। ऐसे में गेल के उनसे 114 छक्के अधिक है। गेल के एक पारी में सबसे अधिक 17 छक्के जड़ने का भी रिकॉर्ड हैं। यह कारनामा उन्होंने साल 2013 में पूणे वॉरियर्स इंडिया के खिलाफ खेले गए मैच में किया था।

व्यक्तिगत स्कोर

गेल के ही नाम दर्ज है सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर का रिकॉर्ड

गेल के नाम ही IPL में सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर का रिकॉर्ड भी दर्ज है। उन्होंने साल 2013 में एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में अपने टी-20 करियर की सबसे महान पारी खेली थी। इसके बाद ही उन्हें "गेल स्टॉर्म" का तमगा दिया गया था। इस पारी में उन्होंने 66 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 175 रनों की तूफानी पारी खेली थी। इसके अलावा उन्होंने सबसे तेज टी-20 शतक (30 बॉल) में बनाया है, यह भी एक रिकॉर्ड है।

डाटा

टी-20 में ऐसा रहा है यूनिवर्स बॉस का पराक्रम

जब टी-20 क्रिकेट की बात होती है तो क्रिस गेल सच में "यूनिवर्स बॉस" हैं। 2005 के बाद से उन्होंने 404 मैचों में 38.20 की औसत से 13,296 टी-20 रन बनाए हैं। उनके रिकॉर्ड की लिस्ट में 22 शतक और शानदार 978 छक्के शामिल हैं।