स्मृति मंधाना ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जड़ा टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 8वां अर्धशतक, ये रिकॉर्ड्स बनाए
क्या है खबर?
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने शनिवार (21 फरवरी) को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी-20 सीरीज के आखिरी मैच में धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारी (82) खेली। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 33वां और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 8वां अर्धशतक रहा। वह इस टीम के खिलाफ टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के इतिहास में सबसे ज्यादा 50+ का स्कोर बनाने वाली बल्लेबाज बन गईं हैं। आइए मंधाना की पारी और आंकड़ों पर एक नजर डाल लेते हैं।
पारी
ऐसी रही मंधाना की पारी और साझेदारी
मंधाना ने 55 गेंदों का सामना किया और 82 रन बनाकर आउट हुईं। उनके बल्ले से 8 चौके और 3 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 149.09 की रही। टीम को पहला झटका शफाली वर्मा के रूप में सिर्फ 19 रन पर लग गया था। यहां से मंधाना ने जेमिमा रोड्रिगेज के साथ मिलकर पारी संभाली और 82 गेंदों में 121 रन की साझेदारी निभाई। रोड्रिगेज 46 गेंद में 59 रन बनाकर आउट हुईं। उनके बल्ले से 4 चौके निकले।
प्रदर्शन
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ कमाल के हैं मंधाना के आंकड़े
मंधाना ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपना पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला साल 2016 में खेला था। उन्होंने अब तक 29 मुकाबले खेले हैं और इसकी 29 पारियों में 33.07 की औसत और 124.27 की स्ट्राइक रेट से 860 रन बनाने में सफल रहीं हैं। उनके बल्ले से 8 अर्धशतक निकले हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 83 रन रहा है। इंग्लैंड (945 रन) के बाद मंधाना ने सबसे ज्यादा रन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ही बनाए हैं।
रिकॉर्ड
मंधाना ने ये रिकॉर्ड किए अपने नाम
मंधाना ऑस्ट्रेलिया की धरती पर टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाली भारतीय बल्लेबाज बन गई हैं। टेस्ट क्रिकेट (127 रन) और वनडे क्रिकेट (105 रन) में भी ये रिकॉर्ड मंधाना के ही नाम है। यह मंधाना के अंतरराष्ट्रीय करियर का 70वां अर्धशतक भी रहा। उन्होंने अब तक टेस्ट में 3 और वनडे क्रिकेट में 34 अर्धशतक लगाए हैं, जो उनकी निरंतरता और शानदार फॉर्म को दर्शाता है।
करियर
ऐसा रहा है मंधाना का टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर
मंधाना ने अपना पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला साल 2013 में बांग्लादेश महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था। उन्होंने अब तक 160 मुकाबले खेले हैं और इसकी 154 पारियों में 30.43 की औसत से 4,231 रन बनाने में सफल रही हैं। उनके बल्ले से 33 अर्धशतक के अलावा 1 शतक भी निकला है। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 112 रन रहा है। उन्होंने यह पारी इंग्लैंड के खिलाफ खेली थी।