LOADING...
सिंगापुर ओपन 2026: सात्विक-चिराग ने रचा इतिहास, पहली बार जीता पुरुष युगल का खिताब
सात्विक-चिराग ने पहली बार जीता सिंगापुर ओपन का खिताब

सिंगापुर ओपन 2026: सात्विक-चिराग ने रचा इतिहास, पहली बार जीता पुरुष युगल का खिताब

May 31, 2026
06:16 pm

क्या है खबर?

सिंगापुर ओपन 2026 के पुरुष युगल के फाइनल मुकाबले में भारत के सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहली बार इस खिताब पर कब्जा जमाया। उन्होंने खिताबी मुकाबले में विश्व नंबर-3 फजर अल्फियन और मुहम्मद फिक्री की इंडोनेशियाई जोड़ी को 18-21, 21-17, 21-16 से हराकर खिताब अपने नाम किया। इसके साथ ही इस जोड़ी ने करीब 2 साल के अंतराल वाला अपना पहला खिताब जीतने में सफलता हासिल कर ली।

मुकाबला

सात्विक-चिराग ने पहला गेम हारने के बाद की वापसी

एशियाई गेम्स और कॉमनवेल्थ गेम्स विजेता सात्विक और चिराग की जोड़ी को पहले गेम में 18-21 से हार झेलनी पड़ी थी। इसके बाद दोनों ने शानदार वापसी की और अगले 2 गेम 21-17, 21-16 से जीतकर खिताब पर कब्जा जमा लिया। यह मुकाबला करीब 73 मिनट तक चला था। यह उनके करियर का नौवां वर्ल्ड टूर खिताब और तीसरा सुपर 750 खिताब रहा है। यह सिंगापुर ओपन खिताब जीतने वाली पहली भारतीय पुरुष युगल जोड़ी भी बनी है।

पुरस्कार

सात्विक-चिराग को कितनी मिली इनामी राशि

सात्विक-चिराग को यह खिताब जीतने के बाद 74,000 अमेरिकी डॉलर (लगभग 70.30 लाख रुपये) की पुरस्कार राशि मिली है। मैच के बाद दोनों खिलाड़ियों ने कहा, "पहले हम अक्सर हार जाते थे, लेकिन मुझे लगता है कि यह टूर्नामेंट हमारे लिए खास रहेगा। दर्शकों का शुक्रिया। आप सभी का बहुत-बहुत धन्यवाद। आप सभी ने हमेशा जोश दिखाया है, चाहे कोई भी खेल रहा हो। यह खेलने के लिए सबसे अच्छे स्टेडियमों में से एक है। आप सभी का शुक्रिया।"

Advertisement

अहमीयत

सात्विक और चिराग के लिए है बड़ी सफलता

सात्विक और चिराग ने आखिरी बार 2024 में थाईलैंड ओपन में ट्रॉफी जीती थी और उसके बाद से उन्हें लगातार 4 बार उपविजेता रहना पड़ा था। सिंगापुर में उनका सफर भी उतना ही चुनौतीपूर्ण था, जिसमें दक्षिण कोरिया के मौजूदा विश्व चैंपियन किम वॉन हो और सियो सेउंग जे पर सेमीफाइनल में मिली निर्णायक जीत भी शामिल थी। पहला गेम हारने के बाद भारतीय जोड़ी कुछ समय दबाव में रही, लेकिन फिर उन्होंने शानदार वापसी की।

Advertisement

जानकारी

ये खिलाड़ी जीत चुके हैं सिंगापुर ओपन में एकल वर्ग का खिताब

इससे पहले भारत के लिए साइना नेहवाल, पीवी सिंधु और बी साई प्रणीत भी सिंगापुर ओपन का खिताब जीत चुके हैं, लेकिन ये सभी खिताब एकल वर्ग में आए थे। ऐसे में सात्विक और चिराग की पुरुष युगल में मिली यह जीत बेदह खास है।

उपलब्धि

सात्विक और चिराग की जोड़ी ने दिलाया साल का दूसरा खिताब

सिंगापुर ओपन 2026 का खिताब भारत के लिए इस साल का केवल दूसरा BWF वर्ल्ड टूर खिताब रहा। इससे पहले देविका सिहाग ने थाईलैंड मास्टर्स सुपर 300 में महिला एकल का खिताब जीता था। सिंगापुर ओपन 2026 में भारत का एकल अभियान क्वार्टरफाइनल में समाप्त हो गया था। महिला एकल में पीवी सिंधु को विश्व नंबर-1 यन से-यांग से हार मिली थी, जबकि पुरुष एकल में लक्ष्य सेन को जापान के कोकी वतानाबे के खिलाफ हार मिली थी।

Advertisement