शुभमन गिल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे से पहले किया अपनी रणनीति का खुलासा
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान शुभमन गिल ने न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ बुधवार से शुरू हो रही 5 मैचों की वनडे सीरीज से पहले टीम के बल्लेबाजी क्रम और रणनीतियों पर बड़ा खुलासा किया है। ऑकलैंड में होने वाले पहले मुकाबले से पूर्व प्रेस कॉन्फ्रेंस में गिल ने स्पष्ट किया कि भारत के शीर्ष-4 पूरी तरह सेट है, लेकिन मध्य क्रम में मैच की परिस्थितियों के हिसाब से लचीला रुख अपनाया जाएगा। आइए जानते हैं उन्होंने क्या कुछ कहा।
बयान
बल्लेबाजी क्रम पर क्या बोले गिल?
गिल ने बताया कि टीम के पहले 4 बल्लेबाज तय हैं, जिनमें वे खुद, रोहित शर्मा, विराट कोहली और श्रेयस अय्यर शामिल हैं।
उन्होंने कहा, "नंबर 5 और 6 के लिए हमारी योजना बदलाव वाली रहेगी। ऐसे में अगर मैदान पर किसी बाएं हाथ के बल्लेबाज की जरूरत महसूस होती है, तो अक्षर पटेल) ऊपर जाएंगे। मैच की स्थिति के आधार पर केएल राहुल भी उस स्थान पर बल्लेबाजी के लिए जा सकते हैं। इसलिए, बल्लेबाजी क्रम थोड़ा लचीला रहेगा।"
फिटनेस
अपनी फिटनेस पर क्या बोले गिल?
पिछले कुछ समय से गिल को गर्दन की तकलीफ से परेशान हैं, लेकिन कप्तान ने इन चिंताओं को खारिज कर दिया।
उन्होंने कहा, "अब कोई समस्या नहीं है। मैंने नेट पर करीब डेढ़ घंटे तक बल्लेबाजी की और बिना किसी परेशानी के फील्डिंग प्रैक्टिस भी पूरी की। इस समय कोई दिक्कत नहीं है।"
न्यूजीलैंड की धरती पर गिल का पिछला वनडे रिकॉर्ड बहुत अच्छा नहीं रहा है। वह वहां पर 5 मैचों में केवल 124 रन ही बना पाए हैं।
योजना
पहले 3 वनडे में ही कप्तानी करेंगे गिल
इस सीरीज में भारतीय टीम की कप्तानी को लेकर एक अनोखा तालमेल देखने को मिलेगा।
गिल पहले तीन वनडे मैचों में भारतीय टीम की कप्तानी संभालेंगे। इसके बाद, इस महीने के अंत में शुरू होने वाली 2 मैचों की टेस्ट सीरीज की तैयारियों के लिए उन्हें वनडे स्क्वाड से रिलीज कर दिया जाएगा।
उसके बाद टीम के उपकप्तान श्रेयस अय्यर माउंट माउंगानुई में होने वाले आखिरी 2 वनडे मैचों के लिए कप्तानी का जिम्मा संभालेंगे।