Page Loader
IPL 2024 के शुरुआती कुछ मैचों से बाहर हो सकते हैं श्रेयस अय्यर- रिपोर्ट
पीठ की चोट से परेशान चल रहे हैं श्रेयस अय्यर (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

IPL 2024 के शुरुआती कुछ मैचों से बाहर हो सकते हैं श्रेयस अय्यर- रिपोर्ट

Mar 14, 2024
10:27 am

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 की शुरुआत 22 मार्च से होनी है। आगामी सीजन की शुरुआत में अब कुछ दिनों का ही समय बाकी है और इस बीच कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) से बुरी खबर सामने आई है। दरअसल, KKR के कप्तान श्रेयस अय्यर चोट के कारण IPL 2024 के शुरुआती कुछ मैचों से बाहर हो सकते हैं। बता दें कि KKR ने अपने अभियान का आगाज 23 मार्च को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले से करना है।

रिपोर्ट

फिर से पीठ की चोट से परेशान हुए अय्यर

टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक, अय्यर को इस समय खेले जा रहे रणजी ट्रॉफी 2023-24 के फाइनल मुकाबले के दौरान पीठ में ऐंठन की समस्या हुई है। इसके चलते वह चौथे दिन फील्डिंग करने मैदान पर नहीं उतरे। रिपोर्ट्स के अनुसार, उनका स्कैन कराया गया, जिससे उनकी IPL के शुरुआती मैचों की भागीदारी पर संदेह हो गया है। ऐसा माना जा रहा है कि यह अय्यर की पुरानी चोट है, जो फिर से सामने आई है।

बयान

पीठ की चोट के चलते ही टेस्ट सीरीज से बाहर हुए थे अय्यर 

एक सूत्र ने टाइम्स ऑफ इंडिया को बताया, "यह अच्छा नहीं लग रहा है। यह वही पीठ की चोट है जो बढ़ गई है। वह IPL के शुरुआती मैचों से बाहर हो सकते हैं।" सूत्र ने आगे स्पष्ट किया कि अय्यर ने इंग्लैंड के खिलाफ हाल ही में समाप्त गई टेस्ट सीरीज के दौरान टीम प्रबंधन को इस चोट के बारे में बताया था जो उन्हें फिर से परेशान कर रही है।

पारी 

रणजी ट्रॉफी 2023-24 के फाइनल में अय्यर ने खेली उम्दा पारी 

रणजी ट्रॉफी 2023-24 के फाइनल में अय्यर ने विदर्भ के खिलाफ अपनी दूसरी पारी में 95 रन बनाए थे। उनकी बदौलत मुंबई ने अपनी दूसरी पारी में 418 रन बनाए थे और विदर्भ के सामने जीत के लिए 538 रन का पहाड़ सा लक्ष्य रखा था। इस समय 5वें दिन का खेल जारी है और विदर्भ ने 289/5 का स्कोर बना लिया है। मुंबई की टीम अपने 42वें खिताब को जीतने के बेहद करीब है।

KKR

पिछले IPL सीजन में नहीं खेल सके थे अय्यर 

अय्यर IPL 2023 में चोट के चलते नहीं खेल पाए थे। तब वह पीठ की सर्जरी के चलते लीग में नहीं खेले थे। इसके बाद वह महीनों तक मैदान से दूर रहे थे और एशिया कप 2023 के जरिए उन्होंने वापसी की थी। वह पिछले साल अक्टूबर-नवंबर में खेले गए वनडे विश्व कप में भी टीम का हिस्सा थे, जिसमें उनका जोरदार प्रदर्शन रहा था। हालांकि, अब वह BCCI के केंद्रीय अनुबंधित खिलाड़ियों में शामिल नहीं हैं।