Page Loader
भारत बनाम इंग्लैंड: चोटिल श्रेयस अय्यर वनडे सीरीज से बाहर, आधा IPL भी नहीं खेल पाएंगे

भारत बनाम इंग्लैंड: चोटिल श्रेयस अय्यर वनडे सीरीज से बाहर, आधा IPL भी नहीं खेल पाएंगे

Mar 24, 2021
06:18 pm

क्या है खबर?

भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही मौजूदा वनडे सीरीज के बचे हुए मैचों से श्रेयस अय्यर बाहर हो गए हैं। बता दें मंगलवार को खेले गए पहले वनडे में श्रेयस फील्डिंग करते हुए चोटिल हो गए थे। उसके बाद उन्हें स्कैन के लिए ले जाया गया था। ESPNcricinfo के मुताबिक अय्यर IPL 2021 का पहला हाफ भी मिस कर सकते हैं। हालांकि, BCCI ने अभी इस बारे में आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।

घटनाक्रम

इंग्लैंड की पारी के आठवें ओवर के दौरान चोटिल हुए थे अय्यर

लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की पारी के आठवें ओवर के दौरान अय्यर चोटिल हुए थे। दरअसल, इंग्लिश बल्लेबाज जॉनी बेयरेस्टो के शॉट को रोकने के चक्कर में अय्यर ने डाइव लगायी और अपने इस प्रयास में कंधा चोटिल कर बैठे थे। इसके बाद वह अपना कंधा पकड़कर वहीं मैदान पर ही बैठ गए थे और फिजियो की मदद से बाहर चले गए थे। BCCI के मुताबिक उनके बाएं कंधे की हड्डी खिसक गई थी।

विकल्प

अय्यर की गैरमौजूदगी में ये हैं अन्य विकल्प

अय्यर के चोटिल होकर बाहर हो जाने के बाद अब सूर्यकुमार यादव को वनडे पदार्पण करने का मौका मिल सकता है। सूर्यकुमार ने इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज में दमदार प्रदर्शन किया था। सूर्यकुमार के अलावा ईशान किशन और ऋषभ पंत भी बेंच पर मौजूद हैं। हालांकि, नंबर-4 पर बल्लेबाजी के लिए सूर्यकुमार उचित विकल्प हो सकते हैं क्योंकि उन्होंने अधिकतर क्रिकेट इस नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए ही खेली है।

IPL 2020

दिल्ली पहली बार श्रेयस की कप्तानी में फाइनल में पहुंची थी

IPL 2020 में दिल्ली कैपिटल्स की टीम श्रेयस अय्यर की कप्तानी में उपविजेता रही थी, ऐसे में यह टीम के लिए बड़ा झटका है। IPL 2019 सीजन के बीच में टीम की कमान संभालने वाले अय्यर DC के लिए दूसरे सबसे अधिक मैचों में कप्तानी करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने अब तक 41 मैचों में DC की कप्तानी की है जिसमें से 23 में उनकी टीम को जीत मिली है।

रिपोर्ट्स

रोहित शर्मा की चोट ज्यादा गंभीर नहीं

वहीं रिपोर्ट्स के अनुसार भारतीय सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा की चोट ज्यादा गंभीर नहीं हैं और वह दूसरे वनडे के लिए उपलब्ध हो सकेंगे। रोहित बल्लेबाजी के दौरान मार्क वुड की गेंद पर चोटिल हो गए थे। वुड की गेंद उनके दाईं कोहनी पर लगी थी। हालांकि, उन्होंने बल्लेबाजी जारी रखी थी और 28 रनों की पारी खेली थी। बता दें रोहित फील्डिंग करने के लिए मैदान पर नहीं लौटे थे।