क्या वैभव सूर्यवंशी को भारतीय टीम डेब्यू को अपना लक्ष्य बनाना चाहिए? अश्विन ने दी राय
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के तीसरे मैच में 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ तूफानी बल्लेबाजी कर खूब सुर्खियां बटोरीं। राजस्थान रॉयल्स (RR) के इस युवा ओपनर ने महज 15 गेंदों में अर्धशतक जड़ दिया, जिसके बाद उनके भारतीय क्रिकेट टीम में डेब्यू की चर्चा तेज हो गई। हालांकि, पूर्व भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने इस पर सावधानी बरतने की सलाह दी है और जल्दबाजी के खिलाफ चेताया है।
बयान
वह अभी बच्चा है- अश्विन
सूर्यवंशी ने मैच में 17 गेंदों में 52 रन बनाए। इसके बाद अश्विन ने कहा कि इतने युवा खिलाड़ी पर भारतीय टीम में जगह बनाने का दबाव नहीं डालना चाहिए। उन्होंने कहा, "उसे ऐसा लक्ष्य मत दो, वह अभी बच्चा है।" अश्विन ने उदाहरण देते हुए कहा कि जब महेंद्र सिंह धोनी 40 की उम्र के बाद भी खेल सकते हैं, तो सूर्यवंशी के पास लंबा करियर है। उन्होंने कहा कि सूर्यवंशी भविष्य में भारत के लिए जरूर खेलेंगे।
बयान
अश्विन ने सूर्यवंशी की बैट स्पीड को खास बताया
अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर सवाल उठाते हुए कहा कि युवा खिलाड़ियों को लेकर इतनी जल्दबाजी क्यों होती है। क्रिकेट में खिलाड़ियों को निखरने के लिए समय देना जरूरी है और जल्दबाजी नुकसानदायक हो सकती है। उन्होंने सूर्यवंशी की बैट स्पीड को खास बताया और कहा कि CSK के गेंदबाजों के पास उनका कोई जवाब नहीं था। साथ ही, उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के प्रदर्शन को भी सराहा और कहा कि टीम ने इस मैच में दमदार खेल दिखाया।