टी-20 विश्व कप 2026: शिमरोन हेटमायर ने लगाया तेज अर्धशतक, क्रिस गेल का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ा
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 के दूसरे मैच में वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के शिमरोन हेटमायर ने स्कॉटलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ सिर्फ 22 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। वह इस टूर्नामेंट के इतिहास में वेस्टइंडीज की ओर से सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज बने। उनकी पारी की मदद से वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों के बाद 182/5 का स्कोर बनाया। आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
पारी
जोरदार रही हेटमायर की पारी
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज को जब 54 रन के स्कोर पर पहला झटका लगा, तब हेटमायर क्रीज पर आए। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने मार्क वॉट के ओवर में लगातार 2 छक्के लगाते हुए अच्छी फॉर्म के संकेत दिए। उन्होंने ईडन गार्डन स्टेडियम में स्कॉटलैंड की गेंदबाजी के सामने जबरदस्त शॉट लगाए। वह 36 गेंदों में 2 चौकों और 6 छक्कों की मदद से 64 रन बनाकर आउट हुए।
रिकॉर्ड
हेटमायर ने तोड़ा क्रिस गेल का पिछला रिकॉर्ड
हेटमायर ने सबसे तेज अर्धशतक लगाने के मामले में क्रिस गेल का पिछ्ला रिकॉर्ड तोड़ा। बता दे कि गेल ने टी-20 विश्व कप 2009 में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ 23 गेंदों में अर्धशतक लगाया था। गेल ने उस मुकाबले में 50 गेंदों में 6 चौकों और इतने ही छक्कों की मदद से 88 रन बनाए थे। उनकी पारी की मदद से वेस्टइंडीज ने जीत के लिए मिले 170 रन के लक्ष्य को 15.5 ओवर में हासिल किया था।
आंकड़े
ऐसा है हेटमायर का टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर
2018 को न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ माउंट माउंगानुई में टी-20 अंतरराष्ट्रीय डेब्यू करने वाले हेटमायर ने अब तक 76 मुकाबले खेले हैं। इस दौरान 66 पारियों में उन्होंने 23.48 की औसत और 134.96 की स्ट्राइक रेट से 1,409 रन बनाए हैं। इस बीच उनका सर्वोच्च स्कोर 81* रन रहा है और उन्होंने 8 अर्धशतक लगाए हैं। वह वेस्टइंडीज की ओर से इस प्रारूप में फिलहाल 11वें सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।
वेस्टइंडीज
मैच में ऐसे रही वेस्टइंडीज की बल्लेबाजी
वेस्टइंडीज से पारी की शुरुआत करने आए ब्रेंडन किंग 30 गेंदों में 35 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में उन्होंने 4 चौके और 1 छक्का लगाया। शाई होप 22 गेंदों में 19 रन बनाकर आउट हुए। वेस्टइंडीज के कप्तान ने अपनी धीमी पारी में सिर्फ 2 चौके लगाए। रोवमन पॉवेल ने 14 गेंदों का सामना करते हुए 24 रन अपने नाम किए। शेरफेन रदरफोर्ड 13 गेंदों पर 26 रन बनाकर आउट हुए।