LOADING...
शमर जोसेफ एक टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 4 विकेट और 4 कैच लेने वाले पहले खिलाड़ी बने
शमर जोसेफ ने टी-20 क्रिकेट में ये कारनामा किया

शमर जोसेफ एक टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 4 विकेट और 4 कैच लेने वाले पहले खिलाड़ी बने

Feb 19, 2026
03:07 pm

क्या है खबर?

वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम ने टी-20 विश्व कप 2026 के 37वें मैच में इटली क्रिकेट टीम को 42 रन से हराया। इडेन गार्डन स्टेडियम में जीत के लिए मिले 166 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इटली की टीम 123 रन पर ही सिमट गई। कैरेबियाई टीम से शमर जोसेफ ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट लिए और फील्डिंग में 4 कैच पकड़े। आइए उनके इस प्रदर्शन पर एक नजर डालते हैं।

प्रदर्शन 

शानदार रहा जोसेफ का प्रदर्शन 

जोसेफ ने विपक्षी टीम के कप्तान हैरी मैनेंटी को आउट करते हुए अपने विकेटों का खाता खोला। दाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने ग्रांट स्टीवर्ट, थॉमस ड्रेका और अली हसन को भी पवेलियन की राह दिखाई। उन्होंने अपने 4 ओवर में 7.50 की इकॉनमी रेट के साथ 30 रन देते हुए 4 विकेट चटकाए। उनके बाद मैथ्यू फोर्ड ने 19 रन देते हुए 3 सफलताएं हासिल की।

कैच 

एक मैच में 4-4 कैच पकड़ने वाले खिलाड़ियों की सूची में शुमार हुए जोसेफ

जोसेफ अब उन खिलाड़ियों (विकेटकीपर को छोड़कर) की सूची में शुमार हुए, जिन्होंने टी-20 विश्व कप के एक मैच में 4-4 कैच पकड़े हैं। उनसे पहले वेस्टइंडीज की टीम से सिर्फ डैरेन सैमी (बनाम आयरलैंड, 2010) ऐसा कर चुके हैं। अन्य खिलाड़ियों में दक्षिण अफ्रीका के एडेन मार्करम (बनाम बांग्लादेश, न्यूयॉर्क, 2024) ऑस्ट्रेलिया के ग्लेन मैक्सवेल (बनाम नामीबिया, 2024) और स्कॉटलैंड के जॉर्ज मुनसे (बनाम इटली, कोलकाता, 2026) ऐसा कर चुके हैं।

Advertisement

करियर 

ऐसा है जोसेफ का टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर 

जोसेफ ने 2024 में अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने अब तक 19 मैच खेले हैं, जिसमें 25.08 की औसत और 9.12 की इकॉनमी रेट के साथ 24 विकेट लिए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 30 रन देते हुए 4 विकेट लेना रहा। टी-20 विश्व कप 2026 में उन्होंने 4 मैचों में 17.71 की औसत और 7.75 की इकॉनमी रेट के साथ कुल 7 विकेट लिए हैं।

Advertisement

लेखा-जोखा 

वेस्टइंडीज ने इस तरह से जीता मैच 

इटली ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। वेस्टइंडीज के लिए कप्तान शाई होप ने सबसे ज्यादा 75 रन बनाए। उनके अलााव शेरफन रदरफोर्ड और रोस्टन चेज के बल्ले से 24-24 रन निकले। वेस्टइंडीज ने 165/6 का स्कोर बनाया। क्रिशन कालुगामगे ने इटली के लिए सिर्फ 25 रन देकर 2 विकेट लिए। जवाब में इटली के बल्लेबाजों ने निराश किया और पूरी टीम 123 रन पर सिमट गई। बेन मानेंटी ने सर्वाधिक 26 रन बनाए।

Advertisement