शाई होप ने श्रीलंका के खिलाफ जड़ा अपना पहला टेस्ट शतक, जानिए उनके आंकड़े
क्या है खबर?
वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के मध्यक्रम के बल्लेबाज शाई होप ने श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ दूसरे टेस्ट के चौथे दिन शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतक जड़ा। यह उनके टेस्ट करियर का 5वां और श्रीलंका टीम के खिलाफ पहला शतक रहा। उनकी पारी की बदौलत ही वेस्टइंडीज की टीम पहली पारी में शुरुआती झटकों से उबरने में सफल हो पाई। श्रीलंका ने 549/9 का पहाड़ जैसा स्कोर बनाया था। ऐसे में आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर नजर डाल लेते हैं।
पारी
ऐसी रही होप की पारी और साझेदारी
होप ने 243 गेंदों का सामना किया और 112 रन बनाकर आउट हुए। उनके बल्ले से 10 चौके निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 46.09 की रही। उन्होंने जस्टिन ग्रीव्स के साथ मिलकर 457 गेंदों में 242 रन की बेहतरीन साझेदारी निभाई। एक समय टीम के 4 बल्लेबाज 144 रन पर पवेलियन में थे। यहां से इन दोनों बल्लेबाजों ने टीम का स्कोर 400 के पार पहुंचाया। घरेलू सरजमीं पर होप के बल्ले से निकला यह पहला टेस्ट शतक है।
अंतरराष्ट्रीय
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में होप के बल्ले से निकला 25वां शतक
वेस्टइंडीज के स्टार बल्लेबाज ने अगस्त 2017 के बाद 8 साल तक टेस्ट शतक नहीं लगाया था, लेकिन अब उन्होंने जोरदार वापसी करते हुए अपनी पिछली 5 टेस्ट पारियों में 3 शतक जड़ दिए हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अब इस खिलाड़ी के नाम 25 शतक हो गए हैं, जिनमें वनडे में 19, टेस्ट में 5 और टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 1 शतक शामिल है। यह उपलब्धि उनके शानदार और निरंतर प्रदर्शन की गवाही देती है।
वेस्टइंडीज
वेस्टइंडीज में ऐसे हैं होप के आंकड़े
वेस्टइंडीज की धरती पर होप ने 2015 में अपना पहला टेस्ट खेला था। इसके बाद उन्होंने घरेलू सरजमीं पर 21 टेस्ट मैचों की 39 पारियों में 23.05 की औसत से 899 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक और 3 अर्धशतक निकले हैं। वहीं, श्रीलंका के खिलाफ उन्होंने 8 टेस्ट मैचों की 15 पारियों में 23.00 की औसत से 345 रन बनाए हैं। इस टीम के खिलाफ उन्होंने अपना पहला टेस्ट भी 2015 में ही खेला था।
करियर
ऐसा रहा है होप का टेस्ट करियर
होप ने अपना पहला टेस्ट मैच साल 2015 में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था। उन्होंने अब तक 47 टेस्ट मैच खेले हैं। इसकी 89 पारियों में 27 से ज्यादा की औसत के साथ 2,372 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनके बल्ले से 5 शतक के अलावा 6 अर्धशतक भी निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 147 रन रहा है। साल 2026 के अपने पहले टेस्ट में ही होप ने शतक जड़ा है।