Page Loader
शफाली वर्मा ने रचा इतिहास, एशियाई खेलों में अर्धशतक लगाने वाली पहली भारतीय बनीं
शफाली वर्मा ने इतिहास रच दिया है (तस्वीर: एक्स/@ICC)

शफाली वर्मा ने रचा इतिहास, एशियाई खेलों में अर्धशतक लगाने वाली पहली भारतीय बनीं

Sep 21, 2023
09:59 am

क्या है खबर?

एशियाई खेल में भारतीय महिला क्रिकेट टीम और मलेशिया महिला क्रिकेट टीम के बीच पहला मुकाबला खेला गया। मैच में मलेशिया टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बारिश के कारण मैच 15 ओवर का हुआ और भारतीय बल्लेबाजों ने मुकाबले में जोरदार बल्लेबाजी की। सलामी बल्लेबाज शफाली वर्मा एशियन खेल में अर्धशतक लगाने वाली भारत की पहली बल्लेबाज बनी हैं। ऐसे में आइए उनके आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

पारी

कैसी रही शफाली की पारी?

शफाली सलामी बल्लेबाज के तौर पर मैदान पर उतरीं और सिर्फ 39 गेंद में 67 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 4 चौके और 5 शानदार छक्के लगाए। उनकी स्ट्राइक रेट 171.79 की रही। पहले विकेट के लिए शफाली ने स्मृति मंधाना के साथ 32 गेंद में 57 रन जोड़े। इसके बाद जेमिमा रोड्रिगेज के साथ शफाली ने 47 गेंद में 86 रन जोड़ दिए। मलेशिया के गेंदबाज शफाली के सामने बेअसर नजर आएं।

अर्धशतक

कैसा रहा है शफाली का टी-20 करियर?

शफाली ने अपना पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला साल 2019 में खेला था। अब तक इस खिलाड़ी ने 60 मुकाबले खेले हैं और 24.23 की औसत से 1,430 रन बनाने में कामयाब रही हैं। इस दौरान उनकी स्ट्राइक रेट 132.53 की रही है। शफाली के करियर का यह छठा अर्धशतक है। वह 5 बार खाता खोले बिना भी पवेलियन लौटी हैं। शफाली अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में 172 चौके और 53 छक्के लगा चुकी हैं।

फॉर्म

शफाली का फॉर्म में वापस आना था जरूरी 

शफाली का बल्ला पिछले काफी दिनों से कुछ खास नहीं चल रहा था। इस साल फरवरी में महिला टी-20 विश्व कप का आयोजन किया गया था, जिसमें शफाली ने 5 मैचों में 20.39 की औसत से सिर्फ 102 रन बनाए थे। उसमें 33 रन उनका सर्वोच्च स्कोर रहा था। आक्रामक बल्लेबाजी के लिए मशहूर इस भारतीय बल्लेबाज की स्ट्राइक रेट सिर्फ 108.51 की थी। बता दें कि भारतीय टीम को सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम से हार गई थी।

पारी 

मैच रद्द होने के बावजूद सेमीफाइनल में पहुंचा भारत 

भारतीय टीम ने पहली पारी में 173 रन बनाए थे। जवाब में मलेशिया अभी पहले ओवर की दूसरी गेंद ही खेल रही थी, तभी जोरदार बारिश आ गई। इसके बाद 1 भी गेंद का खेल नहीं हो पाया। भारतीय टीम पहले ही रैकिंग के आधार पर क्वार्टर फाइनल में पहुंची थी। मैच रद्द होने के कारण रैकिंग के आधार पर ही वह सेमीफाइनल में भी पहुंच गईं। अब भारतीय टीम के पास स्वर्ण पदक जीतने का बहुत अच्छा मौका है।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस 

शफाली ने दक्षिण अफ्रीका महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ 2019 में टी-20 अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था। शफाली के ही कप्तानी में पहली बार भारतीय टीम ने अंडर-19 विश्व कप अपने नाम किया था।