वनडे विश्व कप 2027 के संशोधित प्रारूप की कई अंतरराष्ट्रीय कप्तानों ने की आलोचना, जानिए कारण
क्या है खबर?
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) को वनडे विश्व कप 2027 के प्रारूप में किए गए बदलाव को लेकर आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है। नीदरलैंड क्रिकेट टीम के कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स ने इन बदलावों को बेहद निराशाजनक बताते हुए कहा कि क्रिकेट को वैश्विक मंच पर अधिक अवसर प्रदान करने चाहिए, कम नहीं। कप्तानों की यह आलोचना ICC द्वारा संशोधित प्रारूप को मंजूरी देने के बाद विश्व क्रिकेटर्स एसोसिएशन (WCA) के माध्यम से सामने आई है।
सवाल
एडवर्ड्स ने उठाए ICC की प्रतिबद्धता पर सवाल
एडवर्ड्स ने कहा, "किसी भी देश के लिए वनडे विश्व कप के लिए क्वालीफाई करना एक बहुत बड़ी उपलब्धि है, इसलिए जब वर्षों की योजना के बाद उस अवसर की वास्तविकता बदल जाती है, तो यह बेहद निराशाजनक होता है।"
उन्होंने ICC की वैश्विक स्तर पर क्रिकेट को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता पर भी सवाल उठाया, क्योंकि इस तरह के फैसलों से सहयोगी देशों के लिए शीर्ष टीमों के खिलाफ प्रतिस्पर्धा करना बहुत मुश्किल हो जाता है।
समर्थन
अन्य सदस्य देशों के कप्तानों ने किया एडवर्ड्स के रुख का समर्थन
नामीबिया क्रिकेट टीम के कप्तान गेरहार्ड इरास्मस ने इस बात पर जोर दिया कि वनडे विश्व कप कई सहयोगी देशों के खिलाड़ियों के लिए लंबी अवधि की योजना है।
उन्होंने कहा कि योग्यता हासिल करने से सबसे बड़े मंच पर प्रतिस्पर्धा करने का एक वास्तविक अवसर मिलना चाहिए।
आयरलैंड के कप्तान पॉल स्टर्लिंग ने कहा कि सहयोगी देशों ने वैश्विक आयोजनों में मूल्य और रुचि जोड़ने में लगातार अपनी भूमिका साबित की है। ऐसे में यह प्रारूप बड़ी परेशानी है।
जोर
हरमीत सिंह उभरते देशों में खेल को बढ़ावा देने पर दिया जोर
स्कॉटलैंड क्रिकेट टीम के कप्तान रिची बेरिंगटन ने मांग की है कि खेल और उनके करियर पर महत्वपूर्ण प्रभाव डालने वाले निर्णयों पर खिलाड़ियों से सार्थक रूप से परामर्श किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि अलग-अलग दृष्टिकोण बेहतर निर्णय में सहायक होते हैं।
USA के हरमीत सिंह ने भी इस बात पर जोर दिया कि विश्व कप के अवसर न केवल खिलाड़ियों के लिए बल्कि उभरते देशों में खेल को विकसित करने के लिए भी बहुत मायने रखते हैं।
समर्थन
न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने किया निष्पक्ष अवसरों का समर्थन
न्यूजीलैंड के बल्लेबाज डेरिल मिचेल ने भी दुनिया भर की टीमों के लिए लगातार और निष्पक्ष अवसरों का समर्थन किया।
उन्होंने कहा, "हम दुनिया भर के खिलाड़ियों और देशों को खेल के सबसे बड़े प्लेटफार्मों तक पहुंचने और प्रतिस्पर्धा करने के लिए लगातार और निष्पक्ष अवसर प्रदान करने का पूरी तरह से समर्थन करते हैं।"
ICC ने विश्व कप प्रारूप में बदलाव का निर्णय अधिक सार्थक मुकाबले तैयार करना और टूर्नामेंट के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए लिया है।
प्रारूप
ICC ने प्रारूप में क्या संशोधन किया?
ICC द्वारा एडिनबर्ग में अपनी वार्षिक बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार, वनडे क्रिकेट विश्व कप 2027 में 14 टीमें हिस्सा लेंगी, लेकिन नॉकआउट चरण (सेमीफाइनल) से सबसे कम रैंकिंग वाली अंतिम 3 टीमों (12वां, 13वां और 14वां स्थान) के बीच एक प्रारंभिक राउंड-रॉबिन पूल मुकाबला (कुल 3 मैच) होगा।
इस सीरीज को जीतने वाली केवल 1 टीम मुख्य टूर्नामेंट के अगले दौर में पहुंचेगी, जबकि बाकी 2 टीमें तुरंत बाहर हो जाएंगी।