सैम कर्रन की टेस्ट वापसी को लगा झटका, सर्जरी के बाद लंबे समय तक रहेंगे बाहर
क्या है खबर?
इंग्लैंड क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर सैम कर्रन इंग्लैंड के बचे हुए समर सत्र से बाहर हो जाएंगे। दरअसल, वह शुक्रवार को ग्रोइन की सर्जरी कराने वाले हैं। इसके बाद उनके टेस्ट टीम में वापसी में करने में देरी होगी। वह इस सर्जरी के कारण इंग्लैंड के बचे हुए सत्र के लिए उपलब्ध नहीं हो पाएंगे। बता दें कि उन्होंने अपना आखिरी टेस्ट मैच 2021 में खेला था। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।
चोट
इस साल चोटों से परेशान रहे हैं कर्रन
इस समर की शुरुआत में बेन स्टोक्स के संन्यास के बाद इंग्लैंड के इस ऑलराउंडर को उनका सही रिप्लेसमेंट माना जा रहा था। हालांकि, इस साल कर्रन को कई छोटी-मोटी चोटों से जूझना पड़ा है।
इसमें ग्रोइन की पहले हुई एक चोट भी शामिल है, जिसके कारण वह IPL 2026 से बाहर हो गए थे।
वह हाल में सम्पन्न हुई 'द हंड्रेड' लीग में खेलते हुए नजर आए थे।
वापसी
कर्रन को टेस्ट टीम में वापसी कराना चाहता है टीम प्रबंधन
स्टोक्स के जाने के बाद इंग्लैंड टीम प्रबंधन कर्रन को टेस्ट टीम में वापस लाने का इच्छुक है।
चयनकर्ता मार्कस नॉर्थ ने बताया कि पाकिस्तान के खिलाफ शुरुआती 2 टेस्ट मैचों के लिए कर्रन के नाम पर गंभीरता से विचार किया गया था। हालांकि, वर्कलोड को ध्यान में रखते हुए ऐसा संभव नहीं हो सका।
उन्हें 9 सितंबर से तीसरे टेस्ट में शामिल करने की संभावना थी, लेकिन सर्जरी के बाद अब ऐसा नहीं हो सकेगा।
करियर
ऐसा है कर्रन का टेस्ट करियर
कर्रन ने 2018 में अपने टेस्ट करियर की शुरुआत की थी।
उन्होंने इंग्लैंड की ओर से 24 टेस्ट खेले हैं, जिसमें बल्लेबाजी में 24.69 की औसत के साथ 815 रन बनाए हैं। उन्होंने 3 अर्धशतक भी लगाए हैं।
दूसरी तरफ गेंदबाजी में उन्होंने 35.51 की औसत के साथ 47 विकेट लिए हैं। वह कोई 5 विकेट हॉल नहीं ले सके हैं।
उन्होंने अपना आखिरी टेस्ट 2021 में भारतीय टीम के खिलाफ खेला था।
सर्जरी
विल जैक्स की हुई सर्जरी
इंग्लैंड और सरे के ऑलराउंडर विल जैक्स की हाल ही में अपेंडिक्स की सर्जरी हुई है।
इसके कारण वह सरे के नॉटिंघमशायर के खिलाफ होने वाले काउंटी चैंपियनशिप मुकाबले में नहीं खेल पाएंगे। हालांकि, उनकी रिकवरी सही रही तो वह श्रीलंका के खिलाफ इंग्लैंड की आगामी व्हाइट बॉल सीरीज तक फिट हो सकते हैं।
बता दें कि श्रीलंका को इंग्लैंड दौरे पर 15 सितंबर से टी-20 सीरीज और 22 सितंबर से वनडे सीरीज खेलनी है।