स्कॉट एडवर्ड्स ने नीदरलैंड के कप्तान पद से दिया इस्तीफा, जानिए क्या रहा कारण
क्या है खबर?
स्कॉट एडवर्ड्स ने नीदरलैंड क्रिकेट टीम के कप्तान पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने जून 2022 में टीम की कमान संभाली थी और शुक्रवार को वनडे क्रिकेट विश्व कप लीग 2 के यूट्रेक्ट चरण के मैचों के बाद उन्होंने पद से इस्तीफा दे दिया। इस दौरान उन्होंने बतौर कप्तान कुल 56 वनडे मैच खेले। ऐसे में नीदरलैंड क्रिकेट ने बास डी लीडे को वनडे विश्व कप लीग-2 टूर्नामेंट के शेष मैचों के लिए कप्तान नियुक्त किया है।
बयान
एडवर्ड्स ने क्या दिया बयान?
रॉयल डच क्रिकेट एसोसिएशन (KNCB) द्वारा जारी वीडियो में एडवर्ड्स ने कप्तानी से हटने के अपने फैसले की घोषणा की।
उन्होंने कहा, "मुझे लगता है, हां, यह कुछ ऐसा है जिसके बारे में मुख्य काेच रायन कुक और मैं बात कर रहे हैं और हां, मैंने इसके बारे में कुछ अलग-अलग लोगों से बात की है।"
उन्होंने आगे कहा कि उन्हें लगता है कि एक खिलाड़ी के रूप में उनके पास देने के लिए अभी भी बहुत कुछ बाकी है।
प्रदर्शन
बतौर कप्तान कैसा रहा एडवर्ड्स का प्रदर्शन?
जून 2022 में इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे के बाद एडवर्ड्स ने पीटर सीलार की जगह टीम की कप्तानी संभाली थी।
उनके नेतृत्व में नीदरलैंड ने 56 मैचों में से 24 मैच जीते और 29 में टीम को हार का सामना करना पड़ा।
इनमें से कुछ जीत ऐतिहासिक थीं, जिनमें वनडे विश्व कप 2023 के दौरान दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम और बांग्लादेश क्रिकेट टीम के खिलाफ मिली जीत शामिल रही हैं।
उन्होंने बतौर कप्तान बल्ले से भी अच्छा प्रदर्शन किया।
जानकारी
एडवर्ड्स ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में भी की कप्तानी
एडवर्ड्स ने अपने द्वारा खेले गए 86 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में से 50 में कप्तानी की है। उनके नेतृत्व में नीदरलैंड ने जिम्बाब्वे और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी-20 विश्व कप 2022 में मिली जीत सहित कुछ शानदार जीत हासिल की।
आभार
बास डी लीडे ने जताया एडवर्ड्स को आभार
26 वर्षीय तेज गेंदबाज ऑलराउंडर बास डी लीडे अब एडवर्ड्स की जगह लेंगे। उन्होंने टीम का नेतृत्व करने और खिलाड़ियों पर भरोसा रखने के लिए अपने पूर्ववर्ती को धन्यवाद दिया।
लीडे ने कहा, "भले ही हममें से कुछ लोगों को खुद पर या टीम पर भरोसा नहीं था, लेकिन जिस तरह से आपने हमें योजना के बारे में बताया और यह बताया कि हर मैच में इसे कैसे हासिल किया जाएगा, वह सराहनीय था। अपने टीम को एकजुट किया।"