सरफराज अहमद को बांग्लादेश टेस्ट सीरीज के लिए पाकिस्तान का मुख्य कोच नियुक्त किया गया
क्या है खबर?
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सरफराज अहमद को अहम जिम्मेदारी सौंपी है। PCB ने उन्हें बांग्लादेश के आगामी दौरे के लिए सीनियर पुरुष टेस्ट टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया है। यह फैसला अगले महीने से शुरू होने वाली बांग्लादेश के खिलाफ 2 मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले लिया गया है। हाल ही में संन्यास लेने के बाद यह मुख्य कोच के तौर पर सरफराज की यह पहली जिम्मेदारी होगी।
स्टाफ
टेस्ट टीम के लिए सहायक स्टाफ में इन्हें मिली जगह
सरफराज के साथ-साथ पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर असद शफीक और उमर गुल को क्रमशः बल्लेबाजी और गेंदबाजी कोच के रूप में नियुक्त किया गया है। ये तीनों शान मसूद की कप्तानी में काम करेंगे। यह कोचिंग स्टाफ ICC विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 चक्र में बांग्लादेश के खिलाफ टीम का नेतृत्व करेगा, जिसकी शुरुआत बांग्लादेश दौरे से होगी। टीम में तीनों पूर्व दिग्गजों से टीम के प्रदर्शन में अपेक्षित सुधार लाने की उम्मीद है।
टीम
4 नए खिलाड़ियों को मिली टीम में जगह
बांग्लादेश दौरे के लिए चुनी गई 16 सदस्यीय टीम में 4 ऐसे खिलाड़ी शामिल हैं जिन्होंने अभी तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेला है। इनमें अब्दुल्ला फजल, अमद बट, अजान अवैस और मोहम्मद गाजी घोरी शामिल हैं। इस टीम के पांच सदस्य वर्तमान में लाहौर में क्रिकेट प्रशिक्षण शिविर में भाग ले रहे हैं। इनमें अजान अवैस, इमाम-उल-हक, मोहम्मद गाजी घोरी, नोमान अली और साजिद खान शामिल हैं। ये खिलाड़ी खुद क्षमता बढ़ाने पर काम कर रहे हैं।
कार्यक्रम
कैसा है टेस्ट सीरीज का कार्यक्रम?
टेस्ट सीरीज का पहला मैच 8 से 12 मई तक ढाका में खेला जाएगा, जबकि दूसरा मैच 16 से 20 मई तक सिलहट में खेला जाएगा। टीम 27 अप्रैल को कराची में प्रशिक्षण शिविर के लिए एकत्रित होगी और 1 मई तक वहीं रहेगी, जिसके बाद टीम 2 मई को बांग्लादेश के लिए रवाना होगी। पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) में खेल रहे खिलाड़ी अपनी-अपनी टीमों के अभियान समाप्त होने के बाद इस शिविर में शामिल होंगे।
करियर
दिसंबर 2023 में आखिरी बार पाकिस्तान के लिए खेले थे सरफराज
सरफराज लंबे समय तक पाकिस्तान के प्रमुख विकेटकीपर बल्लेबाज रहे, लेकिन मोहम्मद रिजवान के टीम के आने के बाद उन्हें मौके मिलना कम हो गया। पाकिस्तान के लिए उन्होंने अपना आखिरी टेस्ट मैच दिसंबर 2023 में पर्थ में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था। वह पाकिस्तान के लिए 54 टेस्ट मैचों की 95 पारियों में 37.41 की औसत से 3,031 रन बनाने में सफल रहे हैं। इस दौरान उन्होंने 4 शतक और 25 अर्धशतक भी जड़े हैं।