Page Loader
रणजी ट्रॉफी में सरफराज खान का शानदार फॉर्म जारी, चार मैचों में तीसरा शतक लगाया
सरफराज खान (तस्वीर: ट्वटिर/@BCCIdomestic)

रणजी ट्रॉफी में सरफराज खान का शानदार फॉर्म जारी, चार मैचों में तीसरा शतक लगाया

Jun 07, 2022
09:46 pm

क्या है खबर?

रणजी ट्रॉफी 2022 के दूसरे क्वार्टर फाइनल में मुंबई के मध्यक्रम के बल्लेबाज सरफराज खान ने उत्तराखंड के खिलाफ शानदार शतक (153) लगाया है। यह उनके फर्स्ट क्लास करियर का सातवां शतक है। 24 वर्षीय सरफराज रणजी ट्रॉफी के मौजूदा सत्र में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। जबरदस्त फॉर्म में चल रहे सरफराज ने पिछले चार मैचों में तीसरा शतक लगाया है। उनके द्वारा बनाए रिकॉर्ड्स पर नजर डालते हैं।

शतकीय पारी

ऐसी रही सरफराज की पारी

नंबर पांच में बल्लेबाजी के लिए आए सरफराज ने नॉकऑउट मुकाबले में 205 गेंदों में 153 रनों की पारी खेली। उन्होंने अपनी शतकीय पारी के दौरान 14 चौके और चार छक्के भी लगाए। सरफराज ने चौथे विकेट के लिए सुवेद पारकर के साथ 267 रन जोड़े। अपना फर्स्ट क्लास डेब्यू कर रहे पारकर ने दोहरा शतक (252) लगाया। मुंबई ने अंततः पहली पारी में 647/8 के बड़े स्कोर पर घोषित की।

रणजी ट्रॉफी 2022

मौजूदा सीजन में सर्वाधिक रन वाले बल्लेबाज बने सरफराज

सरफराज मौजूदा रणजी ट्राफी सीजन में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं और सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने केवल पांच पारियों में 140.80 की अविश्वसनीय औसत से 704 रन बना लिए हैं। इस बीच उन्होंने एक दोहरा शतक भी अपने नाम किया है। मौजूदा सीजन में उनके स्कोर क्रमशः 275 (401), 63 (110), 48 (72), 165 (181) और 153 (205) रहे हैं।

शतक

बड़ी शतकीय पारी खेलने में माहिर हैं सरफराज

सरफराज क्रीज पर टिकने के बाद अपना विकेट आसानी से नहीं देते और लम्बी पारी खेलते हैं। उन्होंने अपने सात फर्स्ट क्लास शतकों में से प्रत्येक को 150 से अधिक के स्कोर में तब्दील किया है। उनके सभी शतकीय स्कोर इस प्रकार हैं: 153 बनाम उत्तराखंड (2022), 165 बनाम ओडिशा (2022), 275 बनाम सौराष्ट्र (2022), 177 बनाम मध्य प्रदेश (2020), 226* बनाम हिमाचल प्रदेश (2020), 301* बनाम उत्तर प्रदेश (2020), और 155 बनाम मध्य प्रदेश (2015)।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस (फैक्ट)

सरफराज (80.42) अब फर्स्ट क्लास क्रिकेट में न्यूनतम 2,000 रन बनाने वाले बल्लेबाजों में दूसरे सबसे बेहतर औसत वाले बल्लेबाज हैं। वह केवल सर डोनाल्ड ब्रैडमैन (95.14) से पीछे हैं। सरफराज ने इस सूची में भारत के विजय मर्चेंट (71.64) को पीछे छोड़ दिया है।