Loading...
'सैंडपेपर गेट' प्रकरण: ऑस्ट्रेलिया के 12वें खिलाड़ी चैड सेयर्स का खुलासा, कहा- पूरी टीम जानती थी
ऑस्ट्रेलिया के 12वें खिलाड़ी रहे चैड सेयर्स ने सैंडपेपर गेट मामले में अहम खुलासा किया है

'सैंडपेपर गेट' प्रकरण: ऑस्ट्रेलिया के 12वें खिलाड़ी चैड सेयर्स का खुलासा, कहा- पूरी टीम जानती थी

Nov 15, 2026
10:38 am

क्या है खबर?

उस्मान ख्वाजा की आत्मकथा 'सब्र' के बाद से ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में मचा 'सैंडपेपर गेट' का तूफान अभी नहीं थम रहा। डेविड वार्नर के बाद अब 2018 के दक्षिण अफ्रीका दौरे पर टीम के साथ रहे पूर्व तेज गेंदबाज चैड सेयर्स ने भी ख्वाजा के दावों पर अपनी मुहर लगा दी है। सेयर्स के बयानों ने ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस को मुश्किल में डाल दिया है, जिन्होंने शुरुआत में ख्वाजा के आरोपों को पूरी तरह बकवास करार दिया था।

बयान

सेयर्स ने क्या दिया बयान?

सेयर्स ने रविवार को SEN क्रिकेट से कहा, "मुझे लगता है कि मीडिया में मेरी छवि ऐसी बना दी है जैसे मैं उस्मान का पक्ष ले रहा हूं, क्योंकि मैंने खुलकर स्वीकार किया कि वही शायद सच है। टेस्ट टीम में कमिंस और ख्वाजा मेरे प्रति बहुत अच्छे रहे हैं। मैं सहजता के साथ यह मानता हूं कि उस टीम में मौजूद हर व्यक्ति जानता था कि क्या चल रहा है और किस चीज का इस्तेमाल किया जा रहा है।"

योजना

पोर्ट एलिजाबेथ में बनी थी योजना- सेयर्स

सेयर्स ने कहा, "पोर्ट एलिजाबेथ में इसका इस्तेमाल हुआ था, जैसा कि अब सबको पता है। चेंजिंग रूम में कई बार चर्चा हुई थी कि हम गेंद को रिवर्स स्विंग कैसे कराएंगे और इसके लिए क्या इस्तेमाल किया जाएगा। यह 8 साल पुरानी बात है, इसलिए मेरी याददाश्त उतनी साफ नहीं है, लेकिन चेंजिंग रूम में इस पर कई बार चर्चा हुई थीं। डेविड वॉर्नर यह काम नहीं करने वाले थे, इसलिए कैमरून बैनक्रॉफ्ट इसके लिए खुद आगे थे।"

ADVERTISEMENT

मीटिंग

केप टाउन में घटना के बाद 90 मिनट चली थी मीटिंग

सेयर्स ने कहा, "केपटाउन की घटना के बाद हम सभी चेंजिंग रूम में लगभग 60-90 मिनट तक बैठे रहे। हमें सख्त हिदायत दी गई थी कि हम होटल से ज्यादा दूर न जाएं क्योंकि जांच और पूछताछा होने वाली हैं। मैं होटल के आसपास ही रहा, लेकिन मुझसे कभी पूछताछ नहीं की गई। शायद इसलिए क्योंकि मैं 12वां खिलाड़ी था और मैच नहीं खेल रहा था, या फिर शायद इसलिए क्योंकि मुझे बहुत ज्यादा जानकारी थी। मुझे पक्का नहीं पता।"

ADVERTISEMENT

नाराजगी

सेयर्स ने कमिंस के रवैये पर जताई नाराजगी

इस हफ्ते की शुरुआत में कप्तान कमिंस ने 68 मिनट लंबी प्रेस कॉन्फ्रेंस में ख्वाजा की किताब के दावों को खारिज किया था।

इस पर सेयर्स ने कहा, "सच कहूं तो मैंने वह प्रेस कॉन्फ्रेंस ज्यादा नहीं देखी। मुझे थोड़ा अजीब महसूस हुआ। मुझे यह बिल्कुल पसंद नहीं आया कि उन्होंने जिस तरह उस्मान पर हमला बोला और व्यक्तिगत टिप्पणियां कीं। मैं शायद समझ सकता हूं कि उन्होंने ऐसा क्यों किया, लेकिन मुझे नहीं लगता कि इसकी कोई जरूरत थी।"

प्रकरण

क्या था 'सैंडपेपर गेट' प्रकरण?

'सैंडपेपर गेट' घटना मार्च 2018 में दक्षिण अफ्रीका के केपटाउन में खेले गए टेस्ट मैच में हुई थी।

मैच के तीसरे दिन कैमरन बैनक्रॉफ्ट को सैंडपेपर से गेंद को रगड़ते हुए कैमरों में कैद किया गया था। उन्होंने गेंदबाजों को रिवर्स स्विंग का लाभ दिलाने के लिए ऐसा किया था।

बाद में स्टीव स्मिथ और बैनक्रॉफ्ट ने गेंद से छेड़छाड़ की बात स्वीकार की, जिसमें वार्नर की मुख्य भूमिका सामने आई थी। इस पर CA ने प्रतिबंध की कार्रवाई की।

ADVERTISEMENT