Page Loader
साइना नेहवाल और पारुपल्ली कश्यप का हुआ तलाक, 7 साल पहले हुई थी शादी 
साइना नेहवाल और पारुपल्ली कश्यप ने किया अलग होने का फैसला (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@parupallikashyap)

साइना नेहवाल और पारुपल्ली कश्यप का हुआ तलाक, 7 साल पहले हुई थी शादी 

लेखन Manoj Panchal
Jul 14, 2025
08:14 am

क्या है खबर?

भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल ने रविवार, 13 जुलाई को अपने पति पारुपल्ली कश्यप से अलग होने की घोषणा की है। साइना ने इंस्टाग्राम पर एक बयान में अपने इस फैसले के बारे में बताया। हालांकि, कश्यप ने अभी तक इस बयान पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है और न ही अलगाव की घोषणा की है। साइना और कश्यप शादी के लगभग 7 साल की बाद अलग होने वाले हैं।

बयान 

साइना ने बयान में कही ये बात

साइना ने रविवार देर रात एक इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, "जिंदगी कभी-कभी हमें अलग-अलग दिशाओं में ले जाती है। बहुत सोच-विचार के बाद, कश्यप पारुपल्ली और मैंने अलग होने का फैसला किया है। हम अपने और एक-दूसरे के लिए शांति, विकास और उपचार का चुनाव कर रहे हैं। मैं उन यादों के लिए आभारी हूं और आगे के लिए शुभकामनाएं देती हूं। इस दौरान हमारी निजता को समझने और उसका सम्मान करने के लिए धन्यवाद।"

साथ 

2018 में हुई थी दोनों की शादी

बता दें, कश्यप और साइना ने शुरुआती दिनों से ही हैदराबाद स्थित पुलेला गोपीचंद अकादमी में एक साथ प्रशिक्षण लिया था। साइना ने जहां ओलंपिक में कांस्य पदक जीता और विश्व में नंबर-1 रैंकिंग के साथ स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी बनीं, वहीं कश्यप ने भी विश्व के शीर्ष-10 पुरुष खिलाड़ियों में अपनी जगह बनाई और 2014 राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक भी जीता। लंबे समय तक रिश्ते में रहने के बाद इस जोड़े ने 14 दिसंबर, 2018 को शादी की थी।