रयान टेन डोएशाटे ने भारतीय टीम के सहायक कोच का पद छोड़ा, KKR से फिर जुड़ेंगे
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के सहायक कोच रयान टेन डोएशाटे ने इंग्लैंड के खिलाफ सफेद गेंद की सीरीज के बाद अपना पद छोड़ दिया है। ईएसपीएन क्रिकइन्फो की रिपोर्ट के अनुसार टेन डोएशाटे ने इंग्लैंड में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को अपने फैसले की जानकारी दी थी। भारत को इंग्लैंड दौरे पर टी-20 और वनडे सीरीज में हार मिली थी। वह अब इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की टीम कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के साथ कोचिंग भूमिका में जुड़ सकते हैं।
टीम
2024 टी-20 विश्व कप के बाद टीम का हिस्सा बने थे टेन डोएशाटे
टेन डोएशाटे 2024 टी-20 विश्व कप के बाद से भारतीय टीम के कोचिंग सेटअप का हिस्सा थे।
गौतम गंभीर के मुख्य कोच बनने के बाद उन्हें टीम में शामिल किया गया था। वह भारतीय टीम के कोचिंग दल में अहम भूमिका निभाते हुए बल्लेबाजी और क्षेत्ररक्षण, दोनों विभागों से जुड़े काम देखते थे।
गंभीर ने उन्हें अपने दल में खास तौर पर चुना था। इस दौरान टेन डोएशाटे भारतीय टीम के अहम रणनीतिक सहयोगियों में शामिल रहे थे।
नाता
KKR से टेन डोएशाटे का है पुराना नाता
KKR में टेन डोएशाटे एक बार फिर अभिषेक नायर के साथ काम करते नजर आएंगे।
दोनों भारतीय टीम के कोचिंग सेटअप में भी कुछ समय तक सहायक कोच की भूमिका में थे।
इससे पहले वे KKR में भी सहायक कोच के तौर पर काम कर चुके हैं। टेन डोएशाटे का KKR से पुराना नाता है। खिलाड़ी के तौर पर उन्होंने 2012 और 2014 में टीम के साथ 2 खिताब जीते थे।
2022 में वह टीम के फील्डिंग कोच बने थे।
कार्यकाल
ऐसा रहा टेन डोएशाटे का कार्यकाल
टेन डोएशाटे 2024 तक KKR के कोचिंग सेटअप का हिस्सा रहे। इस दौरान गंभीर के मेंटर और चंद्रकांत पंडित के मुख्य कोच रहते KKR ने एक खिताब भी जीता था।
टेन डोएशाटे के सहायक कोच रहते भारत ने 2025 एशिया कप जीता और 2026 पुरुष टी-20 विश्व कप का खिताब बरकरार रखा।
हालांकि, टेस्ट क्रिकेट में टीम का प्रदर्शन खराब रहा। भारत ऑस्ट्रेलिया में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी हारा और न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका से घरेलू सीरीज गंवाई।
खिलाड़ी
खिलाड़ी के रूप में ऐसे थे टेन डोएशाटे के आंकड़े
टेन डोएशाटे ने KKR के लिए 29 मुकाबले खेले थे और इसकी 22 पारियों में 23.28 की औसत और 138.72 की स्ट्राइक रेट से 326 रन बनाए थे।
उनके बल्ले से एक अर्धशतक निकला था और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 70* रन था।
नीदरलैंड के लिए उन्होंने 33 वनडे में 67 की औसत से 1,541 रन बनाए थे।
टी-20 अंतरराष्ट्रीय में उन्होंने 24 मैचों की 23 पारियों में 41 की औसत से 533 रन बनाए थे।