यशस्वी जायसवाल को वनडे टीम में जगह नहीं मिलने पर पूर्व भारतीय कोच ने उठाए सवाल
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सहायक कोच रयान टेन डेशकाटे ने युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को लगातार सीमित ओवरों की टीम से बाहर रखने के फैसले पर अपनी राय रखी है। यशस्वी ने टेस्ट टीम में अपनी जगह पक्की कर ली है, लेकिन वनडे और टी-20 टीम में उन्हें नियमित मौका नहीं मिल रहा है। इस बल्लेबाज ने अब तक 6 वनडे खेले हैं, जिनमें 71.25 की औसत से 285 रन बनाए हैं। उनके नाम 2 शतक भी हैं।
बयान
यशस्वी को टीम में जगह नहीं मिल रही, ये हैरान करने वाला- टेन डेशकाटे
टॉकस्पोर्ट क्रिकेट पॉडकास्ट पर बात करते हुए टेन डेशकाटे ने कहा कि यशस्वी अच्छा प्रदर्शन करने के लिए बेहद उत्सुक रहते हैं।
उन्होंने कहा, "जब वह रन बनाते हैं, लेकिन बड़ी पारी खेलने से चूक जाते हैं तो उनकी निराशा साफ दिखाई देती है। ऐसा लगता है कि रन पीछे छूट जाने का उन्हें काफी दुख होता है। वह वनडे क्रिकेट भी खेलना चाहते हैं, लेकिन उन्हें टीम में जगह नहीं मिल रही है। यह हैरान करने वाला है।"
फैसला
यह फैसला हास्यास्पद- टेन डेशकाटे
उन्होंने आगे कहा, "यह फैसला हास्यास्पद है। कुछ ऐसे खिलाड़ी भी हैं जिनकी हमने चर्चा की थी, लेकिन वे टीम में नहीं हैं। हालांकि, मैं स्पष्ट कर दूं कि मैं बल्लेबाजी कोच नहीं था, इसलिए खिलाड़ियों के साथ सीधे तौर पर काम करने का मुझे ज्यादा मौका नहीं मिला। मैं कभी-कभी अपनी राय देता था और बल्लेबाजी कोच या मुख्य कोच की बातों में कुछ सुझाव जोड़ता था। यशस्वी बेहद मेहनती और अच्छा प्रदर्शन करने के लिए काफी उत्सुक हैं।"
तेज गेंदबाज
यशस्वी को लेकर टेन डेशकाटे ने ये बात भी कही
भारत के पूर्व कोच ने आगे कहा, "मैं ऑस्ट्रेलिया दौरे की उस घटना को कभी नहीं भूल सकता। पर्थ में पहले टेस्ट मैच के शुरुआती 3 ओवरों के भीतर ही मिचेल स्टार्क ने 150 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से बाउंसर फेंकी, लेकिन यशस्वी ने उसे स्क्वायर के सामने पुल शॉट खेल दिया। नेट्स में उन्हें देखकर ऐसा बिल्कुल नहीं लगता था कि वह छोटी गेंदों को इतनी अच्छी तरह खेल सकते हैं।"