रुतुराज गायकवाड़ को रियान पराग की जगह भारत-A टीम में मिली जगह, जानिए क्या रहा कारण
क्या है खबर?
श्रीलंका में होने वाली आगामी त्रिकोणीय सीरीज के लिए भारत-A टीम में रियान पराग के स्थान पर रुतुराज गायकवाड़ को शामिल किया गया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने रविवार को इस बदलाव की घोषणा की। बता दें कि पहले पराग को इस टीम का उपकप्तान बनाया गया था, लेकिन अब वह हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण टीम से बाहर हो गए हैं और वर्तमान में बेंगलुरु के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में पुनर्वास प्रक्रिया से गुजर रहे हैं।
परिवर्तन
BCCI ने गायकवाड़ को उपकप्तान भी बनाया
गायकवाड़ न केवल टीम में पराग की जगह लेंगे बल्कि उपकप्तान की जिम्मेदारी भी संभालेंगे। ऐसे में उनसे शानदार प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी। त्रिकोणीय श्रृंखला के लिए संशोधित भारत-A टीम में अब तिलक वर्मा (कप्तान), रुतुराज गायकवाड़ (उपकप्तान), प्रियांश आर्य, वैभव सूर्यवंशी, आयुष बडोनी, निशांत सिंधु, सूर्यांश शेडगे, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), विप्रज निगम, यश ठाकुर, युद्धवीर सिंह, अंशुल कंबोज, अरशद खान और अनुकूल रॉय को शामिल किया गया है।
सीरीज
सीरीज में ये टीमें लेंगी हिस्सा
इस त्रिकोणीय सीरीज में श्रीलंका और भारत के अलावा तीसरी टीम अफगानिस्तान-A की होगी। इस सीरीज का आगाज 9 जून से होगा और फाइनल मुकाबला 21 जून को खेला जाएगा। इस टूर्नामेंट में जिसमें प्रत्येक टीम एक-दूसरे के खिलाफ 2-2 मैच खेलेगी। इस टूर्नामेंट के सभी मैच रंगिरी दंबुल्ला अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेले जाएंगे। यह टूर्नामेंट युवा क्रिकेटरों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का शानदार अवसर प्रदान करेगा।
जानकारी
IPL 2026 में कैसा रहा गायकवाड़ का प्रदर्शन?
IPL 2026 के 14 मैचों में चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के कप्तान गायकवाड़ ने 337 रन बनाए हैं। उनकी औसत 38.08 और स्ट्राइक रेट 123.44 की रही है। गायकवाड़ ने टूर्नामेंट में 2 अर्धशतक भी जड़े, जिनमें सर्वश्रेष्ठ स्कोर 74* रन रहा।