RR बनाम RCB: ध्रुव जुरेल ने IPL में खेली अपनी सर्वोच्च पारी, जानिए उनके आंकड़े
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 16वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स (RR) के विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ अर्धशतकीय पारी (81*) खेली। यह उनके IPL करियर का छठा और RCB के खिलाफ पहला ही अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने 25 गेंदों पर पूर किया। उनकी पारी की बदौलत ही RR ने 202 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए आसान जीत दर्ज की। आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर नजर डाल लेते हैं।
बल्लेबाजी
कैसी रही जुरेल की पारी और साझेदारी?
RR को 202 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 21 रन के स्कोर पर पहला झटका लग गया था। उसके बाद बल्लेबाजी पर आए जुरेल ने वैभव सूर्यवंशी (78) के साथ दूसरे विकेट के लिए 37 गेंदों में 108 रन की शतकीय साझेदारी निभाई। इसके बाद उन्होंने रविंद्र जडेजा के साथ 5वें विकेट के लिए 68 रन की साझेदारी निभाकर टीम को जीत दिलाई। जुरेल 43 गेंदों में 8 चौके और 3 छक्कों से 81 रन बनाकर नाबाद रहे।
उपलब्धि
वैभव और जुरेल ने की दूसरे सबसे तेज साझेदारी
वैभव और सूर्यवंशी के बीच दूसरे विकेट के लिए हुई 37 गेंदों में 108 रन की साझेदारी दूसरी सबसे तेज हैं। दोनों ने 17.51 की रन रेट से इस साझेदारी को पूरा किया है। सबसे तेज साझेदारी का रिकॉर्ड सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड के नाम दर्ज हैं, दोनों ने IPL 2024 में दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ 38 गेंदों में 20.68 की रन रेट के साथ 131 रन की साझेदारी निभाई थी।
करियर
कैसा रहा है जुरेल का IPL करियर?
जुरेल ने अपने IPL करियर का आगाज 2023 में पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ किया था। उन्होंने अब तक 45 मैचों की 39 पारियों में 31.70 की औसत और 158.81 की स्ट्राइक रेट से 856 रन बनाए हैं। इसमें 6 अर्धशतक शामिल हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन इसी मैच में आया है। इससे पहले उन्होंने गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ भी 75 रन की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली थी। IPL 2025 में उन्होंने 14 मैचों में 333 रन बनाए थे।