Page Loader
WPL 2023: बैंगलोर ने मुंबई को दिया 126 रन का लक्ष्य, मंधाना ने किया निराश 
बैंगलोर के शीर्षक्रम ने किया निराश (तस्वीर: ट्विटर/@wplt20)

WPL 2023: बैंगलोर ने मुंबई को दिया 126 रन का लक्ष्य, मंधाना ने किया निराश 

Mar 21, 2023
05:07 pm

क्या है खबर?

विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2023 के 19वें मैच में मुंबई इंडियंस के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) ने 9 विकेट खोकर 125 रन बनाए हैं। बैंगलोर से ऋचा घोष और एलिसे पेरी ने 29-29 रनों की पारी खेली। बैंगलोर के शीर्षक्रम के बल्लेबाजों ने निराश किया। वहीं मुंबई की ओर से अमेलिया केर ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए। बैंगलोर की पारी पर एक नजर डालते हैं।

खराब शुरुआत 

बैंगलोर की हुई खराब शुरुआत 

बैंगलोर की खराब शुरुआत रही और पिछले मैच में 99 रन की पारी खेलने वाली सोफी डिवाइन बिना खाता खोले ही रन आउट हो गई। वहीं कप्तान स्मृति मंधाना WPL 2023 की अपनी आखिरी पारी में कमाल नहीं कर सकी और 25 गेंदों में 24 रन बनाकर आउट हो गई। उन्होंने अपनी इस छोटी पारी में 3 चौके और 1 छक्का लगाया। बैंगलोर ने 33 के स्कोर तक अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट खो दिए थे।

अर्धशतक 

पूरे सीजन में 1 भी अर्धशतक नहीं लगा सकी मंधाना 

बैंगलोर की कप्तानी करने वाली मंधाना पूरे सीजन में कोई भी अर्धशतकीय पारी नहीं खेल सकी। उन्होंने अपने 8 मैचों में 18.62 की औसत और 111.19 की स्ट्राइक रेट से सिर्फ 149 रन बनाए। वह लगातार अपनी फॉर्म से जूझती हुई नजर आई, जिसका प्रभाव उनके स्ट्राइक रेट पर भी पड़ा। इस बीच स्मृति का सर्वोच्च स्कोर 37 रन रहा, जो उन्होंने गुजरात जायंट्स के खिलाफ अपने पिछले मैच में बनाए थे।

बल्लेबाजी 

पेरी ने बनाए सर्वाधिक 29 रन 

अनुभवी एलिसे पेरी ने पारी को संभालने के प्रयास में धीमी बल्लेबाजी की। उन्हें दूसरे छोर से अच्छा साथ नहीं मिल सका। पेरी 38 गेंदों में 3 चौकों की मदद से सिर्फ 29 रन ही बना सकी। उन्होंने अपनी पारी में सिर्फ 3 चौके लगाए। बैंगलोर ने निरंतर अंतराल पर अपने विकेट खोए। इस बीच श्रेयांका पाटिल (12) और कनिका अहूजा (12) ने अपने विकेट खो दिए। आखिर में ऋचा ने 13 गेंदों में 29 रन की पारी खेली।

गेंदबाजी 

ऐसी रही मुंबई की गेंदबाजी 

हेले मैथ्यूज ने अपने 4 ओवरों में बिना विकेट लिए 18 रन दिए। अमेलिया केर सबसे सफल गेंदबाज रही, जिन्होंने अपने 4 ओवर में 24 रन देते हुए 3 विकेट लिए। नेट साइवर-ब्रंट ने अपने 4 ओवरों में 24 रन देते हुए 2 विकेट लिए। उन्होंने पेरी और श्रेयांका पाटिल के विकेट चटकाए। बाएं हाथ की स्पिन गेंदबाज साइका इशहाक ने मेगन शूट के रूप में इकलौता विकेट (1/31) हासिल किया।