Page Loader
रेप केस में रोनाल्डो को राहत, नहीं लगेगा आपराधिक चार्ज

रेप केस में रोनाल्डो को राहत, नहीं लगेगा आपराधिक चार्ज

लेखन Neeraj Pandey
Jul 23, 2019
11:20 am

क्या है खबर?

पुर्तगाल के स्टार खिलाड़ी और फिलहाल युवेंटस के लिए खेल रहे क्रिस्टियानो रोनाल्डो के लिए राहत की खबर आई है। पिछले साल रोनाल्डो पर एक महिला ने खुद सेे रेप करने का आरोप लगाया था जिसके बाद मामले की जांच शुरु हुई थी। क्लार्क काउंटी के डिस्ट्रिक्ट एटॉर्नी स्टीव वोल्फसन ने कहा है कि महिला द्वारा लगाए गए आरोप सिद्ध नहीं हो रहे हैं और रोनाल्डो पर कोई आपराधिक चार्ज नहीं लगाया जाएगा।

आरोप

पिछले साल महिला ने लगाया था रोनाल्डो पर रेप का आरोप

कैथरीन मायोर्गा नामक एक महिला ने पिछले साल लास वेगास में रोनाल्डो के खिलाफ रेप का केस दर्ज कराया था। महिला ने आरोप लगाया था कि 2009 में एक कसीनो में रोनाल्डो और उनकी मुलाकात हुई थी। उसी दौरान रोनाल्डो ने उनके साथ रेप किया और फिर उन्हें जाने दिया। हालांकि, कैथरीन ने उस वक्त किसी से नहीं कहा और लगभग 10 साल बाद 2018 में रोनाल्डो के खिलाफ मामला दर्ज कराया।

धमकी

महिला ने लगाया था समझौते के लिए धमकी का भी आरोप

महिला का कहना है कि रेप करने के बाद रोनाल्डो ने उनसे मांफी मांगी थी, लेकिन उसके बाद समझौते के लिए उन पर दबाव बनाया जाने लगा। मयोर्गा का कहना है कि उन्हें रोनाल्डो और उनके आदमियों की तरफ से 3,75,000 डॉलर भी दिए गए थे। महिला का कहना था कि उसे चुप रहने के लिए इतनी बड़ी रकम दी गई थी।

डीएनए सैंपल

आरोप के बाद लिया गया था रोनाल्डो का डीएनए सैंपल

मयोर्गा द्वारा रोनाल्डो पर 2009 में रेप करने का आरोप लगाने के बाद उनका मेडिकल चेकअप कराया गया और उनसे डीएनए के साक्ष्य लिए गए। महिला द्वारा दोबारा जांच के आग्रह पर पुलिस ने इस साल इटली में खेल रहे रोनाल्डो का भी डीएनए सैंपल लिया था। पुलिस का कहना है कि 2009 में जांच बंद कर दी गई थी क्योंकि उन्होंने केवल यूरोपियन फुटब़ॉलर बताया था और उनके पास खिलाड़ी की कोई पहचान नहीं थी।