Page Loader
800 करियर गोल करने वाले पहले खिलाड़ी बने रोनाल्डो, जानें उनके अदभुत आंकड़े
क्रिस्टियानो रोनाल्डो

800 करियर गोल करने वाले पहले खिलाड़ी बने रोनाल्डो, जानें उनके अदभुत आंकड़े

लेखन Neeraj Pandey
Dec 03, 2021
03:11 pm

क्या है खबर?

मैनचेस्टर यूनाइटेड के लिए खेलने वाले पुर्तगाली दिग्गज फारवर्ड क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने बीते गुरुवार को अपने टॉप-लेवल करियर में 800 गोल पूरे कर लिए। प्रीमियर लीग में आर्सनल के खिलाफ यूनाइटेड की 3-2 की जीत में रोनाल्डो ने दो गोल दागे थे। 800 करियर गोल करने वाले रोनाल्डो पहले खिलाड़ी बने हैं। भले ही पेले और रोमारियो 1,000 से अधिक गोल करने का दावा करते हैं, लेकिन ऑफिशियल आंकड़े इसकी गवाही नहीं देते हैं।

क्लब करियर

क्लब करियर में ऐसा रहा है रोनाल्डो का प्रदर्शन

रोनाल्डो ने अपने पहले क्लब स्पोर्टिंग सीपी के लिए पांच गोल दागे हैं। इसके बाद उन्होंने मैनचेस्टर यूनाइटेड के लिए 118 और रियल मैड्रिड के लिए 450 गोल दागे। 2018 में युवेंटस जाने के बाद रोनाल्डो ने इटली के क्लब के लिए 134 मैचों में 101 गोल दागे। इस सीजन रोनाल्डो ने दोबारा यूनाइटेड ज्वाइन किया और अब तक इंग्लिश क्लब के लिए 12 गोल दाग चुके हैं।

अंतरराष्ट्रीय करियर

सबसे अधिक अंतरराष्ट्रीय गोल दागने वाले खिलाड़ी हैं रोनाल्डो

अगस्त 2003 में कजाकिस्तान के खिलाफ रोनाल्डो ने अपना अंतरराष्ट्रीय पदार्पण किया था। इसके एक साल बाद उन्होंने UEFA यूरो के मुकाबले में ग्रीस के खिलाफ अपना पहला अंतरराष्ट्रीय गोल दागा था। एक दशक से अधिक समय के बाद रोनाल्डो 182 मैचों में 115 गोल के साथ सबसे अधिक अंतरराष्ट्रीय गोल दागने वाले खिलाड़ी बन चुके हैं। हाल ही में उन्होंने सबसे अधिक अंतरराष्ट्रीय गोल के अली देई (109) के रिकॉर्ड को तोड़ा था।

आंकड़े

सबसे अधिक गोल के मामले में रोनाल्डो से काफी पीछे हैं मेसी

अनौपचारिक RSSSF आंकड़ों के मुताबिक सर्वाधिक करियर गोल के मामले में रोनाल्डो से पीछे पेले (769), रोमारियो (761) और फेरेंक पुस्कास (761) मौजूद हैं। अर्जेंटीनी दिग्गज लियोनल मेसी अब तक 756 गोल दाग चुके हैं। गौरतलब है कि रोनाल्डो पांच टीमों के खिलाफ 20 या उससे अधिक गोल दाग चुके हैं। उन्होंने सेविया (27), एटलेटिको मैड्रिड (25), गेटाफे (23), बार्सिलोना (20) और सेल्टा विगो (20) के खिलाफ यह कारनामा किया है।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस (फैक्ट)

रोनाल्डो प्रीमियर लीग, ला-लीगा और सेरी-ए में 50 या उससे अधिक गोल दागने वाले इकलौते खिलाड़ी हैं। उन्होंने इन तीनों ही देशों में घरेलू टाइटल भी जीते हैं। रोनाल्डो 30 से अधिक खिताब जीत चुके हैं।