Loading...
रोहित शर्मा बनाम इंजमाम उल हक: वनडे क्रिकेट में किस बल्लेबाज के बेहतर रहे आंकड़े?
रोहित ने रनों के मामले में इंजमाम को पीछे छोड़ा (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

रोहित शर्मा बनाम इंजमाम उल हक: वनडे क्रिकेट में किस बल्लेबाज के बेहतर रहे आंकड़े?

Jul 17, 2026
05:42 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ सीरीज के दूसरे वनडे मैच में बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे और 26 रन बनाकर आउट हुए। इस बीच वह वनडे प्रारूप में 7वें सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने। रनों के मामले में रोहित ने पाकिस्तान के पूर्व कप्तान इंजमाम उल हक को पीछे छोड़ दिया। इस बीच रोहित और इंजमाम के आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

रोहित 

बेमिसाल रहा है रोहित का वनडे करियर 

अपने बेमिसाल करियर में रोहित ने 287 वनडे मैचों की 279 पारियों में 48.58 की औसत से 11,757 रन बनाए।

उनके बल्ले से 33 शतक और 62 अर्धशतक निकले। इस प्रारूप में उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 264 रन रहा है। दिलचस्प रूप से वह वनडे में 3 दोहरे शतक लगाने वाले विश्व के पहले बल्लेबाज हैं।

रोहित भारतीय बल्लेबाजों में सचिन तेंदुलकर (18,426) और विराट कोहली (14,867) के बाद तीसरे सर्वाधिक रन वाले खिलाड़ी हैं।

इंजमाम

पाकिस्तान से सर्वाधिक वनडे रन वाले बल्लेबाज हैं इंजमाम 

इंजमाम ने 1991 में अपने वनडे करियर का आगाज किया था। उन्होंने 378 मैचों की 350 पारियों में 39.52 की औसत और 74.24 की स्ट्राइक रेट के साथ 11,739 रन बनाए थे।

इस प्रारूप में उन्होंने 10 शतक और 83 अर्धशतक लगाए थे, जिसमें 137* रन उनका सर्वोच्च स्कोर रहा था।

उन्होंने 2007 में अपने वनडे करियर का आखिरी मुकाबला खेला था।

आंकड़ों से स्पष्ट है कि रोहित की तुलना में इंजमाम का औसत कम है।

ADVERTISEMENT

SENA 

SENA देशों में दोनों के प्रदर्शन 

SENA (साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूज़ीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) देशों की तेज गेंदबाजी के अनुकूल पिचें अक्सर उप-महाद्वीप के बल्लेबाजों के लिए मुश्किल रही हैं।

रोहित ने वनडे में इस चुनौती का बखूबी सामना किया है और 88 पारियों में 48.52 के औसत से 3,688 रन बनाए हैं।

इस मामले में इंजमाम का औसत काफी कम 27.62 रहा है।

उन्होंने SENA देशो में कुल 125 पारियों में 3,177 रन अपने नाम किए थे।

ADVERTISEMENT

आंकड़े 

घर पर खेलते हुए कैसे रहे दोनों बल्लेबाजों के आंकड़े?

रोहित का घरेलू वनडे मैचों में औसत शानदार 55.5 है। उन्होंने 102 पारियों में कुल 5,217 रन बनाए हैं।

घरेलू मैचों में इंजमाम का औसत थोड़ा बेहतर (56.89) था। इसमें 64 पारियों में बनाए गए 2,674 रन शामिल हैं।

रोहित ने विदेशों में 40.63 की औसत से 3,942 रन और तटस्थ मैदानों पर 50.94 की औसत से 2,598 रन बनाए।

इंजमाम ने विदेशों में 3,932 रन (औसत- 36.74) और तटस्थ मैदानों पर 35.89 की औसत से 5,133 रन बनाए।

कारण

अलग-अलग दौर में खेले हैं इंजमाम और रोहित 

इंजमाम ने अपना आखिरी वनडे 2007 में खेला और उसी साल रोहित ने अपना करियर शुरू किया।

इसलिए दोनों बल्लेबाज बिल्कुल अलग-अलग समय में खेले।

आज के क्रिकेट में रन बनाने के लिए बेहतर परिस्थितियां हैं। इस तुलना में रोहित का बढ़त बनाने का यह भी प्रमुख कारण है।

साथ ही रोहित के 9,000 से ज्यादा वनडे रन ओपनर के तौर पर आए हैं। वहीं इंजमाम ने 4 या उससे निचले नंबर पर खेलते हुए 8,500 से ज्यादा रन बनाए।

ADVERTISEMENT