विजय हजारे ट्रॉफी में मुंबई की ओर से खेलेंगे रोहित शर्मा- रिपोर्ट
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा ने मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) को बताया है कि वह दिसंबर में विजय हजारे ट्रॉफी में मुंबई क्रिकेट टीम के लिए उपलब्ध रहेंगे। वह इस लिस्ट-A टूर्नामेंट में कितने मैचों के लिए उपलब्ध रहेंगे, ये अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। अगले साल वनडे विश्व कप होना है और इसकी तैयारियों को ध्यान में रखते हुए वह कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते होंगे। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।
बयान
रोहित ने MCA को किया सूचित
MCA से जुड़े एक सूत्र ने इस खबर की पुष्टि की है।
सूत्र नेइंडियन एक्सप्रेस से इस संदर्भ में कहा, "उन्होंने (रोहित ने) हमें सूचित किया है कि वह विजय हजारे ट्रॉफी में मुंबई की टीम के लिए खेलेंगे और श्रीलंका के खिलाफ भारत की घरेलू वनडे मैचों की सीरीज के बाद उन्हें उपलब्ध माना जाए। वह कितने मैचों के लिए उपलब्ध रहेंगे, इसकी जानकारी वह बाद में देंगे।"
कार्यक्रम
14 दिसंबर से शुरू होनी है विजय हजारे ट्रॉफी
विजय हजारे ट्रॉफी टूर्नामेंट का लीग चरण 14 से 29 दिसंबर तक खेला जाएगा, जबकि नॉकआउट मुकाबले 2 से 8 जनवरी तक होंगे।
वनडे मैचों के बाद 22 दिसंबर से 3 टी-20 मैच खेले जाएंगे, जिनमें रोहित नहीं खेलेंगे।
इस तरह उनके पास लीग चरण के आखिरी 10 दिन बचते हैं।
इसके बाद जिम्बाब्वे के खिलाफ भारत की 3 मैचों की वनडे सीरीज 3 जनवरी से शुरू होनी है।
सीजन
पिछले सीजन में भी खेले थे रोहित
पिछले सीजन में रोहित ने विजय हजारे ट्रॉफी के 2 मैचों में हिस्सा लिया था।
2018 के बाद टूर्नामेंट में यह उनकी वापसी थी।
पहले मैच में उन्होंने सिक्किम के खिलाफ 94 गेंदों पर 155 रन बनाए, जबकि 2 दिन बाद उत्तराखंड के खिलाफ वह पहली ही गेंद पर आउट हो गए थे।
वह इस टूर्नामेंट में मुंबई के लिए अब तक 20 मैच खेल चुके हैं।
IPL
IPL में मुंबई के कप्तान बनाए जा सकते हैं रोहित
जल्द ही रोहित को अपनी IPL फ्रेंचाइजी में भी एक बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है।
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, मुंबई इंडियंस IPL 2027 के लिए उन्हें फिर से कप्तानी सौंप सकती है।
पिछले IPL में हार्दिक पांड्या की कप्तानी में टीम ने 14 में से 10 मैच गंवा दिए थे और MI नौवें स्थान पर रही थी।
रोहित की कप्तानी में MI ने कुल 5 IPL खिताब जीते हैं।