रोहित शर्मा के नाम हुए ICC वनडे टूर्नामेंट में सर्वाधिक छक्के, क्रिस गेल को पछाड़ा
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के पहले सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ बड़ी उपलब्धि हासिल की है।
वह ICC वनडे टूर्नामेंट में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में वेस्टइंडीज के पूर्व बल्लेबाज क्रिस गेल को पछाड़ा है।
मैच में अपना एकमात्र छक्के जड़ते ही उन्होंने यह रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। हालांकि, रोहित 29 गेंदों पर 28 रन बनाकर आउट हो गए।
आंकड़े
ICC वनडे टूर्नामेंट में कैसे रहे हैं रोहित के आंकड़े?
अब तक रोहित ने ICC वनडे टूर्नामेंट की 42 पारियों में कुल 65 छक्के हो गए हैं।
भारतीय कप्तान ने इस दौरान 55.38 की अविश्वसनीय औसत से 2,160 रन अपने नाम किए हैं। इस दौरान उनके खाते में 8 शतक और 10 अर्धशतक भी जुड़े हैं।
यह उपलब्धि एक खतरनाक सलामी बल्लेबाज के रूप में उनकी स्थिति को और मजबूत करती है। वह पहले 10 ओवरों में विपक्षी टीम के लिए बड़ा खतरा माने जाते हैं।
सफलता
दूसरे स्थान पर खिसके गेल
रोहित के इस कारनामे के साथ गेल दूसरे पायदान पर खिसक गए। उन्होंने 51 पारियों में 64 छक्के लगाकर यह विश्व रिकॉर्ड अपने नाम किया था।
वेस्टइंडीज के इस बल्लेबाज ने विश्व कप और चैंपियंस ट्रॉफी मैचों में कुल मिलाकर 1,977 रन बनाए हैं। उन्होंने अपने शानदार करियर में इन मंचों पर 5 शतक और 7 अर्धशतक भी जड़े हैं।
बता दें कि रोहित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक छक्कों के मामले में पहले ही गेल से आगे निकल चुके हैं।