Page Loader
भारत बनाम न्यूजीलैंड: रोहित शर्मा के बतौर कप्तान वनडे में 2,000 रन पूरे, जानिए उनके आंकड़े
रोहित शर्मा के बतौर कप्तान 2,000 रन पूरे (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

भारत बनाम न्यूजीलैंड: रोहित शर्मा के बतौर कप्तान वनडे में 2,000 रन पूरे, जानिए उनके आंकड़े

Nov 15, 2023
02:48 pm

क्या है खबर?

वनडे विश्व कप 2023 के पहले सेमीफाइनल में बुधवार को भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर ताबड़तोड़ अंदाज में पारी की शुरुआत की। न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में उन्होंने 29 गेंदों पर 47 रन बनाए। इसक साथ ही बतौर कप्तान वनडे में उनके 2,000 रन पूरे हो गए हैं। उन्होंने 44वें मुकाबले की 43वीं पारी में इस उपलब्धि को अपने नाम किया। वह ऐसा करने वाले 7वें भारतीय कप्तान हैं।

आंकड़े

वनडे में बतौर कप्तान सर्वाधिक रन बनाने वाले भारतीय

वनडे में बतौर कप्तान सर्वाधिक रन बनाने वाले भारतीय महेंद्र सिंह धोनी थे। धोनी ने 200 वनडे की 172 पारियों में 6,641 रन बनाए थे। सूची में दूसरे नंबर पर विराट कोहली हैं, जिन्होंने 95 वनडे की 91 पारियों में 5,449 रन जड़ दिए थे। इस फेहरिस्त में तीसरे पर मोहम्मद अजहरुद्दीन (5,239), चौथे पर सौरव गांगुली (5,082), 5वें पर राहुल द्रविड़ (2,658) और छठे पर सचिन तेंदुलकर (2,454) हैं।

प्रदर्शन

टूर्नामेंट में रोहित के आंकड़े

टूर्नामेंट में रोहित ने भारतीय टीम को तेज शुरुआत दिलाई। ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ रोहित खाता तक नहीं खोल सके थे। इसके बाद अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ उन्होंने 131 रन की तूफानी पारी खेली थी। साथ ही पाकिस्तान के विरुद्ध उन्होंने 86, बांग्लादेश के खिलाफ 48, न्यूजीलैंड के खिलाफ 46, इंग्लैंड के खिलाफ 87 और श्रीलंका के खिलाफ 4 रन बनाए। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उन्होंने 40 और नीदरलैंड के खिलाफ आखिरी मैच में 61 रन जड़े थे।