भारत बनाम इंग्लैंड: सबसे तेज 1,000 टेस्ट रन बनाने वाले एशियाई ओपनर बने रोहित शर्मा
अहमदाबद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जा रहे चौथे टेस्ट में भारतीय सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने उपलब्धि हासिल की है। वह अपनी 17वीं पारी में टेस्ट क्रिकेट में बतौर सलामी बल्लेबाज सबसे तेज 1,000 रन बनाने वाले एशियाई खिलाड़ी बन गए हैं। उनसे पहले यह रिकार्ड भारत के ही मयंक अग्रवाल के नाम था, जिन्होंने 19वीं पारी में यह कारनामा किया था। आइए एक नजर डालते हैं पूरी खबर पर।
सबसे तेज 1,000 टेस्ट रन बनाने वाले तीसरे सलामी बल्लेबाज बने रोहित
रोहित अब दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान ग्रीम स्मिथ की बराबरी करते हुए सबसे तेज 1,000 रन बनाने वाले सलामी बल्लेबाजों की सूची में तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। आपको बता दें सबसे तेज यह कारनामा इंग्लैंड के हर्बर्ट सिटक्लिफ ने 13 पारियों में किया है। उनके बाद इस सूची में इंग्लैंड के ही लेन हटन हैं, जिन्होंने 16 पारियों में 1,000 रनों का आंकड़ा छूआ था।
WTC में 1,000 रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज बने रोहित
इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के आखिरी मैच में रोहित ने एक और उपलब्धि हासिल कर ली है। उन्होंने पहली बार खेले जा रहे वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के 1,000 रन भी पूरे किए हैं। वह उपकप्तान अजिंक्य रहाणे के बाद ऐसा करने वाले सिर्फ दूसरे भारतीय बल्लेबाज बने हैं। रोहित ने अपने 11वें टेस्ट में यह कारनामा किया, जबकि रहाणे ने अपने 15वें टेस्ट में ऐसा किया था।
WTC में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची
रोहित WTC में 1,000 रन बनाने वाले सिर्फ पांचवे खिलाड़ी बने हैं। वह ऐसा करने वाले पहले ओपनर भी बने हैं। WTC में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में शीर्ष पर ऑस्ट्रेलिया के मार्नस लाबुशेन हैं, जिन्होंने अब तक 13 मैचों में 1,675 रन बना लिए हैं। उनके बाद इंग्लिश कप्तान जो रूट (1630), ऑस्ट्रेलिया के कप्तान स्टीव स्मिथ (1341), इंग्लिश ऑलराउंडर बेन स्टोक्स (1332) और भारतीय उपकप्तान अजिंक्य रहाणे (1095) हैं।
टेस्ट रैंकिंग में पहली बार टॉप-10 में आए रोहित
पिछले कुछ समय में रोहित शर्मा ने टेस्ट क्रिकेट में भी निरंतर रन बनाए हैं। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ मौजूदा टेस्ट सीरीज के दूसरे चेन्नई टेस्ट में शतक (161) जड़ा था, जिसमें भारतीय टीम को जीत भी मिली थी। इसके बाद पिंक बॉल से खेले गए तीसरे टेस्ट में रोहित ने अर्धशतक (66) लगाया था। वह ICC टेस्ट रैंकिंग में इस समय 742 रेटिंग प्वाइंट्स के साथ आठवें पायदान पर हैं।
लंच तक भारत ने गंवाए अपने चार विकेट
दूसरे दिन पहले सत्र में भारतीय बल्लेबाजी क्रम लड़खड़ाता हुआ दिखा है। शुक्रवार को लंच तक भारत ने चार विकेट खोकर 80 रन बना लिए हैं। इस बीच चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली और अजिंक्य रहाणे आज आउट होने वाले खिलाड़ी रहे। शुभमन गिल पहले दिन ही आउट हो गए थे। पहली पारी के आधार पर भारतीय टीम अभी 125 रनों से पीछे है। बता दें इंग्लैंड ने कल अपनी पहली पारी में 205 रन बनाए थे।