Page Loader
इंग्लैंड बनाम भारत: पंत ने जड़ा टेस्ट करियर का 16वां अर्धशतक, ये रिकॉर्ड्स किए अपने नाम 
ऋषभ पंत ने तबड़तोड़ पारी खेली (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

इंग्लैंड बनाम भारत: पंत ने जड़ा टेस्ट करियर का 16वां अर्धशतक, ये रिकॉर्ड्स किए अपने नाम 

Jul 05, 2025
08:14 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत का धमाकेदार फॉर्म एजबेस्टन टेस्ट में भी जारी रहा। भारतीय टीम की दूसरी पारी में उन्होंने शानदार अर्धशतकीय पारी (65) खेली। यह उनके टेस्ट करियर का 16वां और इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ 5वां अर्धशतक रहा। उन्हें बेन स्टोक्स की गेंद पर जीवनदान भी मिला, जिसका उन्हों भरपूर फायदा उठाया। उन्होंने सिर्फ 43 गेंदों का सामना करते हुए अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्हें शोएब बशीर ने दोनों पारियों में आउट किया।

पारी

ऐसी रही पंत की पारी और साझेदारी 

पंत ने 58 गेंदों का सामना किया और 65 रन बनाकर आउट हुए। उनके बल्ले से 8 चौके और 3 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 112.07 की रही। शुभमन गिल के साथ मिलकर इस खिलाड़ी ने सिर्फ 103 गेंदों में 110 रन की साझेदारी निभाई। पहली पारी में पंत कुछ खास नहीं कर पाए थे और 42 गेंदों में 25 रन बनाकर आउट हो गए थे। पहले टेस्ट की दोनों पारियों में इस खिलाड़ी के बल्ले से शतक निकले थे।

उपलब्धि

पंत ने ये बड़ा रिकॉर्ड किया अपने नाम 

पंत ने इंग्लैंड दौरे 2025 में एक और खास उपलब्धि अपने नाम कर ली है। वह SENA देशों (दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया) में किसी एक टेस्ट सीरीज के दौरान सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए हैं। पंत ने अब तक इस सीरीज में 13 छक्के लगाए हैं और उन्होंने डेनिस लिंडसे (1966/67, 12 छक्के बनाम दक्षिण अफ्रीका) और एडम गिलक्रिस्ट (2005, 12 छक्के बनाम न्यूजीलैंड) को पीछे छोड़ दिया है।

रिकॉर्ड्स

पंत ने ये रिकॉर्ड्स भी किए अपने नाम 

पंत ने टेस्ट क्रिकेट में इंग्लैंड की धरती पर सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। उन्होंने अब तक 23 छक्के जड़े हैं, जो किसी भी विदेशी बल्लेबाज के लिए सर्वाधिक है। साथ ही वह इंग्लैंड में दो अलग-अलग टेस्ट सीरीज में 3 या उससे ज्यादा 50+ स्कोर बनाने वाले पहले विदेशी विकेटकीपर बन गए हैं। भारत के लिए टेस्ट में सबसे ज्यादा छक्कों (86*) की सूची में वह अब तीसरे नंबर पर हैं।

करियर

पंत के टेस्ट करियर पर एक नजर 

पंत ने अपना पहला टेस्ट मैच साल 2018 में इंग्लैंड के ही खिलाफ खेला था। उन्होंने अब तक 45 मुकाबले खेले हैं और इसकी 79 पारियों में 44.45 की औसत और 74.40 की स्ट्राइक रेट से 3,290 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनके बल्ले से 8 शतक के अलावा 16 अर्धशतक भी निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 159* रन रहा है। पंत टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में दूसरे सबसे तेज 3,000 रन बनाने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज हैं।