ऋषभ पंत ने रचा इतिहास, टेस्ट क्रिकेट में 100 छक्के जड़ने वाले पहले भारतीय बने
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के विस्फोटक विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ गॉल टेस्ट मैच के चौथे दिन एक नया रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। पंत टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में 100 छक्के पूरे करने वाले भारत के पहले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने मैच की तीसरी पारी (भारत की दूसरी पारी) में अपना दूसरा छक्का जड़कर इस जादुई आंकड़े को छुआ। आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर नजर डालते हैं।
उपलब्धि
टेस्ट में 100 छक्के जड़ने वाले कुल चौथे बल्लेबाज हैं पंत
पंत टेस्ट क्रिकेट में 100 छक्के जड़ने वाले कुल चौथे बल्लेबाज बने हैं।
इस उपलब्धि के साथ वह इंग्लैंड क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान बेन स्टोक्स (138), न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान ब्रेंडन मैकुलम (107) और ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट (100) के विशेष क्लब में शामिल हो गए हैं।
इसी तरह पंत टेस्ट में छक्कों का शतक पूरा करने वाले गिलक्रिस्ट के बाद केवल दूसरे विकेटकीपर बल्लेबाज हैं।
जानकारी
पंत ने सबसे तेज पूरा किया छक्कों का शतक
पंत टेस्ट में सबसे तेज छक्कों का शतक पूरा करने वाले बल्लेबाज बने हैं। उन्होंने 51 मैचों और 89 पारियों यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने इस मामले में गिलक्रिस्ट को पीछे छोड़ दिया है, जिन्होंने 130 पारियों में ऐसा किया था।
करियर
कैसा रहा है पंत का टेस्ट करियर?
पंत ने 2017 में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया था। वह अब तक 42 से अधिक की बेहतरीन औसत से 3,570 से ज्यादा रन बना लिए हैं।
वह पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (4,876 रन) के बाद भारत के लिए टेस्ट में दूसरे सर्वाधिक रन बनाने वाले विकेटकीपर हैं।
बतौर विकेटकीपर उनके नाम 8 शतक और 19 अर्धशतक दर्ज हैं। शतकों के मामले में विश्व स्तर पर उनसे आगे सिर्फ एडम गिलक्रिस्ट (17) और एंडी फ्लावर (12) ही हैं।