Page Loader
IPL 2025: ऋषभ पंत बने लखनऊ सुपर जायंट्स के नए कप्तान, संजीव गोयनका ने किया ऐलान
इससे पहले DC की भी कप्तानी कर चुके हैं पंत (तस्वीर: एक्स/@DelhiCapitals)

IPL 2025: ऋषभ पंत बने लखनऊ सुपर जायंट्स के नए कप्तान, संजीव गोयनका ने किया ऐलान

Jan 20, 2025
02:34 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के लिए लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) ने ऋषभ पंत को अपना कप्तान नियुक्त किया है। LSG फ्रेंचाइजी के मालिक संजीव गोयनका ने पंत की मौजूदगी में ये ऐलान किया है। उन्हें LSG ने नीलामी में 27 करोड़ रुपये देकर खरीदा था। वह IPL के इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बने थे। बता दें कि इससे पहले पंत दिल्ली कैपिटल्स (DC) की कप्तानी भी कर चुके हैं। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।

बयान 

हर हाल में पंत को LSG में चाहता था- संजीव गोयनका 

गोयनका ने कहा कि वह नीलामी में हर हाल में पंत को अपने साथ जोड़ना चाहते थे और यह पहले ही तय कर चुके थे। कप्तान की घोषणा करने के बाद गोयनका ने स्टार स्पोर्ट्स पर कहा, "मैं इस बात को लेकर बिल्कुल स्पष्ट था कि मैं किसी भी कीमत पर पंत को LSG में चाहता हूं। कोई भी जो कहना चाहे, कहे। मुझे पता था कि कोई भी पंत के लिए इतनी बोली नहीं लगाएगा जितनी मैं लगाऊंगा।"

बयान 

पंत भविष्य में सफल कप्तान बनेंगे- संजीव गोयनका

गोयनका ने कहा कि पंत के अच्छे कप्तान बनने के सभी गुण मौजूद हैं और वह भविष्य में सफल कप्तान साबित होंगे। गोयनका ने आगे कहा, "अभी हर कोई कह रहा है कि महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा IPL इतिहास के सबसे सफल कप्तान हैं। लेकिन मैं आपको बता रहा हूं कि 10 साल बाद लोग कहेंगे धोनी, रोहित और पंत IPL के सर्वश्रेष्ठ कप्तान हैं।"

कप्तानी 

DC की कप्तानी भी कर चुके हैं पंत 

साल 2016 से पंत DC की फ्रेंचाइजी का हिस्सा थे। उन्होंने अब तक 111 मुकाबले खेले और इसकी 110 पारियों में 35.31 की औसत से 3,284 रन बनाने में कामयाब रहे। उनके बल्ले से 1 शतक और 18 अर्धशतक निकले। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 128 रन रहा। IPL 2022 में DC ने इस खिलाड़ी को अपना कप्तान बनाया था। हालांकि, कप्तान के तौर पर वह टीम को खिताब नहीं जिता सके थे।

टीम 

IPL 2025 के लिए ऐसी है LSG की पूरी टीम 

बल्लेबाज: ऋषभ पंत, डेविड मिलर, एडेन मार्करम, मैथ्यू ब्रीट्जके, अब्दुल समद, आर्यन जुयाल, हिम्मत सिंह और निकोलस पूरनऑलराउंडर: मिचेल मार्श, दिग्वेश सिंह, युवराज चौधरी, अर्शिन चौधरी, आरएस हंगरगेकर और आयुष बडोनी। गेंदबाज: आवेश खान, आकाश दीप, एम सिद्धार्थ, शाहबाज अहमद, मयंक यादव, आकाश सिंह, मोहसिन खान, शमर जोसफ, प्रिंस यादव और रवि बिश्नोई। नीलामी के बाद LSG के दल में कुल 24 खिलाड़ी हैं, जिसमें 18 भारतीय और 6 विदेशी शामिल हैं।