Page Loader
टी-20 क्रिकेट में रिंकू सिंह के शानदार आंकड़ों पर एक नजर 
रिंकू सिंह कमाल के फॉर्म में है (तस्वीर: ट्विटर/@BCCI)

टी-20 क्रिकेट में रिंकू सिंह के शानदार आंकड़ों पर एक नजर 

Apr 30, 2024
10:09 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम के युवा बल्लेबाज रिंकू सिंह को 1 जून से होने वाले टी-20 विश्व कप में टीम का हिस्सा नहीं बनाया गया है। वह रिजर्व खिलाड़ी होंगे। उनके अलावा शुभमन गिल, आवेश खान और खलील अहमद भी रिजर्व खिलाड़ी के रूप में नजर आएंगे। इस खिलाड़ी ने टी-20 क्रिकेट में अपनी अलग पहचान बनाई है और भारतीय टीम को कई महत्वपूर्ण मुकाबलों में जीत दिलाई है। ऐसे में आइए उनके आंकड़ों पर एक नजर डाल लेते हैं।

औसत

टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वश्रेष्ठ औसत (15 पारी) 

रिंकू ने अब तक 15 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 356 रन निकले हैं। उनकी औसत 89 की रही है। टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कम से कम 15 पारियां खेलने वाले खिलाड़ियों में रिंकू की औसत सबसे ज्यादा है। भारत के लिए खेलते हुए इस खिलाड़ी ने 2 अर्धशतक जड़े हैं और उनकी स्ट्राइक रेट 176.24 की रही है। वह 7 बार नाबाद भी रहे हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 69 रन रहा है।

अर्धशतक

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में खेली है 2 शानदार पारी 

रिंकू का पहला अर्धशतक दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के खिलाफ आया था। उन्होंने 39 गेंद में 68* रन बनाए थे। भारतीय टीम के 3 बल्लेबाज 55 रन पर पवेलियन में थे। वहां से रिंकू ने स्कोर 180/7 तक पहुंचाया था। उनका दूसरा अर्धशतक (39 गेंद में 69*) अफगानिस्तान के खिलाफ आया था। भारत के 4 बल्लेबाज सिर्फ 22 रन पर पवेलियन लौट गए थे। वहां से रिंकू ने रोहित शर्मा के साथ मिलकर स्कोर 212/4 तक ले गए थे।

जानकारी

रिंकू सिर्फ 2 बार हुए हैं 10 से कम के स्कोर पर आउट 

रिंकू भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 11 पारियां खेली हैं। वह सिर्फ 2 बार 10 से कम के स्कोर पर आउट हुए हैं। उन्होंने अब तक 38 (21), 37*(15), 22*(14), 31*(9), 46(29),6(8),68* (39),14(10), 16*(9),9*(9) और 69*(39) के स्कोर बनाए हैं।

छक्के

5 गेंद में जड़े थे 5 छक्के 

IPL 2023 के 13वें मैच में गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ रिंकू ने 5 गेंद में 5 छक्के लगाए थे। जीत के लिए मिले 205 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरे रिंकू ने 21 गेंदों में 48* रन बनाए थे। उन्होंने 1 चौका और 6 छक्के लगाए थे। KKR को जीत के लिए आखिरी 5 गेंदों में 28 रनों की दरकार थी, तब रिंकू ने यश दयाल की अंतिम 5 गेंदों पर लगातार 5 छक्के लगा दिए थे।

जानकारी

आखिरी ओवरों में कमाल करते हैं रिंकू

डेथ ओवरों में रिंकू काफी आक्रमक नजर आते हैं। टी-20 क्रिकेट में उन्होंने 208.38 की स्ट्राइक रेट से आखिरी ओवरों में रन बनाए हैं। उनकी औसत 37.27 की रही है। आखिरी 4 ओवरों में उन्होंने 52 चौके और 48 छक्के लगाए हैं।