इंग्लैंड में ये रिकॉर्ड्स बना सकते हैं भारतीय ओपनर रोहित शर्मा

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के निलंबित हो चुके सीजन में हिस्सा लेने के बाद अब भारतीय खिलाड़ी इंग्लैंड के बड़े दौरे पर जाने वाले हैं जहां विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल और इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जानी है। इंग्लैंड के खिलाफ होम टेस्ट सीरीज में भारत के लिए सबसे अधिक रन बनाने वाले रोहित शर्मा पर एक बार फिर सबकी निगाहें रहेंगी। एक नजर उन रिकॉर्ड्स पर जो रोहित इंग्लैंड में बना सकते हैं।
रोहित ने 2013 में वेस्टइंडीज के खिलाफ अपना टेस्ट डेब्यू किया था। दिसंबर 2013 से अक्टूबर 2019 के बीच वह 45 पारियों में 33.25 की औसत के साथ केवल 1,297 रन ही बना सके थे। ओपनर के तौर प्रमोट किए जाने के बाद रोहित की बल्लेबाजी औसत में बदलाव आया है। अब तक वह सात शतक और 12 अर्धशतकों की मदद से 2,615 रन बना चुके हैं। 3,000 टेस्ट रन पूरे करने के लिए उन्हें 385 रनों की जरूरत है।
सभी फॉर्मेट में बड़े छक्के लगाने में माहिर रोहित की बल्लेबाजी के लोग दीवाने हैं। अब तक रोहित 38 टेस्ट में 59 छक्के लगा चुके हैं। टेस्ट में छक्के लगाने वाले भारतीयों की लिस्ट में वह वीरेन्द्र सहवाग (91), एमएस धोनी (78), सचिन तेंदुलकर (69) और कपिल देव (61) से ही पीछे हैं। इंग्लैंड के बड़े दौरे की समाप्ति तक रोहित निश्चित तौर पर सचिन और कपिल से आगे निकल सकते हैं।
अब तक रोहित 376 अंतरराष्ट्रीय पारियों में 44.22 की औसत के साथ 14,684 रन बना चुके हैं। वह सभी फॉर्मेट में मिलाकर 15,000 या उससे अधिक रन बनाने वाले आठवें भारतीय बल्लेबाज बन सकते हैं। रोहित अब तक 40 अंतरराष्ट्रीय शतक लगा चुके हैं। तीन और शतक लगाने के साथ ही रोहित मैथ्यू हेडन (41), यूनिस खान (41), शिवनरायन चंद्रपॉल (41), सनथ जयसूर्या (42) और क्रिस गेल (42) से आगे निकल सकते हैं।
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में रोहित की फॉर्म शानदार रही है। इस टूर्नामेंट में वह 11 टेस्ट में 64.37 की औसत के साथ 1,030 रन बना चुके हैं। अजिंक्या रहाणे (1,095) के बाद वह टेस्ट चैंपियनशिप में दूसरे सबसे अधिक रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज हैं। रोहित टेस्ट चैंपियनशिप में सबसे अधिक रन बनाने वाले ओपनिंग बल्लेबाज हैं। श्रीलंका के दिमुथ करुणारत्ने (978) ने रोहित के बाद दूसरे सबसे अधिक रन बनाए हैं।